देहरादून। देवभूमि जन कल्याण विकास एकता समिति ने शहर के विभिन्न मुद्दों के हल नहीं होने पर रोष जताया।उन्होंने प्रशासन व पालिका से समस्याओं के समाधान की मांग की। गुरुवार को बैठक के दौरान मसूरी की समस्याओं व मुद्दों पर चर्चा की गई। समिति के अध्यक्ष प्रकाश राणा ने कहा कि मसूरी में एमडीडीए की ओर से अपना कार्य सही तरीके से नहीं किया जा रहा है।आरोप लगया कि रसूखदारों के काम हो रहे हैं जबकि गरीबों को प्रताड़ित किया जा रहा है।आरोप लगाया कि एमडीडीए की उदासीनता के चलते शहर में आलीशान होटल बनाए जा रहे हैं। कहा कि एमडीडीए की दोहरी नीति के खिलाफ जल्द ही आंदोलन किया जाएगा । कहा कि घरेलू मानचित्र पास कर व्यवसायिक बिल्डिंग बनाई जा रही है जिसकी जांच की जानी चाहिए। कुलड़ी स्थित सेंटमेरी अस्पताल को खोलने की बात पूर्व में कई बार मसूरी विधायक गणेश जोशी और नगर पालिका द्वारा की गई जो आज तक पूरी नहीं हुई। नगर पालिका ने मालरोड से बिना स्थान दिए पटरी हटा दी। उन्होंने यमुना पेयजल योजना पर भी सवाल खड़ किए । कहा कि पानी को चेक किया या नहीं, उसमें कूड़ा करकट आ रहा है। घरों में सीवर का पानी भी पहुंच रहा है। उन्होंने मंत्री गणेश जोशी से इन समस्याओं का समाधान करने की मांग की। चेतावनी दी कि यदि सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन किया जायेगा। कहा कि आज तक भूमि का सीमाकंन पूरा नहीं हो पाया। नोटिफाइड व डि नोटिफाइड का पता नहीं है। उस सर्वे को पूरा करें ताकि लोगों को इसका लाभ मिल सके। उन्होंने पटरी वालों के लिए बनायी गयी टीवीसी कमेटी का विरोध किया। कहा कि ऐसे लोगों को स्थान दिया जा रहा है जो संपन्न है। वेंडर जोन के नाम पर रोड पर खोखे लगाये जाने की योजना है। उन्होंने कहा कि मसूरी में वरिष्ठ नागरिकों की देखरेख की कोई योजना नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार ने प्रदेश में करीब साढ़े चार हजार स्कूल बंद कर दिए। मसूरी में अंग्रेजी स्कूलों की भरमार है व मोटी फीस ली जा रही है। इस मौके पर केडी नौटियाल, गोविंद नौटियाल सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।