जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : लालढांग-चिलरखाल मोटर मार्ग को एलीवेटेड बनाने व व्यवसायिक वाहनों के लिए खोलने की मांग को लेकर लोगों का धरना सोमवार को भी जारी रहा। लोगों ने जल्द मार्ग एलीवेटेड नहीं बनने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।
सोमवार को लोगों ने चिलरखाल वन चौकी के समीप धरना दिया। कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए लालढांग-चिलरखाल मोटर मार्ग अति महत्वपूर्ण है। 12 फरवरी को न्यायालय ने मोटर मार्ग निर्माण की स्वीकृति दी। लेकिन, मार्ग पर व्यवसायिक वाहनों के आवागमन पर अब भी संशय बना हुआ है। कहा कि क्षेत्रवासी चाहते है कि मार्ग को एलिवेटेड बनाकर इसे व्यवसायिक वाहनों के लिए खोला जाएं। मार्ग के बेहतर निर्माण से ही आमजन को इसका लाभ मिलेगा। साथ ही इससे क्षेत्र में बंद पड़ा विकास का पहिया भी तेजी से घूमेगा। मार्ग निर्माण से जहां सिगड्डी के व्यापार को गति मिलेगी, वहीं कण्वाश्रम को भी नई पहचान मिलेगी। कहा कि सरकार को इस ओर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए। जब तक आमजन की समस्या का निराकरण नहीं होता वह आंदोलन में डटे रहेंगे।