मंडल मुख्यालय की समस्याओं का निराकरण न हुआ तो करेंगे भूख हड़ताल

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी।
पौड़ी बचाओं संघर्ष समिति ने मंडल मुख्यालय पौड़ी की विभिन्न समस्याएं हल नहीं होने पर कड़ी नाराजगी जताई है। समिति के संयोजक ने कहा कि जिला प्रशासन से कई बार समस्याओं के हल की मांग की जा चुकी है लेकिन समस्याओं को हल करने के लिए कोई कदम नहीं उठाए जा रहे है। समिति ने जल्द ही समस्याओं का हल नहीं होने पर भूख हड़ताल की चेतावनी दी है।
मंगलवार को पौड़ी बचाओं संघर्ष समिति के संयोजक नमन चंदोला ने डीएम डॉ. विजय कुमार जोगदंडे से मुलाकात की। नमन चंदोला ने कहा कि जनपद मुख्यालय में समस्याओं का अंबार लगा हुआ है। लेकिन न तो पालिका प्रशासन और न ही जिला प्रशासन इन समस्याओं को गंभीरता से ले रहा है। पौड़ी शहर जनपद मुख्यालय के साथ ही मंडल मुख्यालय भी है। बावजूद इसके शहर की समस्याओं पर प्रशासन उदासीन बना हुआ है। चंदोला ने कहा कि समस्याओं के निराकरण के लिए कई बार पालिका प्रशासन के साथ ही जिला प्रशासन से मौखिक व लिखित रूप से गुहार लगाई जा चुकी है। चंदोला ने पौड़ी में निर्माणाधीन बस अडडे का जल्द निर्माण कार्य पूरा करने, ट्रचिंग ग्राउंड का निर्माण करवाने, हाउस टैक्स की दरों को कम करने, बेहताशा बढ़े पानी की दरों को कम करने और बुआखाल से प्रेमनगर तक खस्ताहाल मुख्य मोटरमार्ग को सुधारने की मांग की। चंदोला ने चेतावनी दी कि जल्द ही समस्याओं के निराकरण के लिए कार्यवाही नहीं की गई तो जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में भूख हड़ताल शुरू की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *