पिथौरागढ़। कांग्रेस और विधायक मयूख महर के बीच की दूरियां कम होती नजर नहीं आ रही हैं। रविवार को पंचायत चुनाव की तैयारियों को लेकर यहां पहुंचे कांग्रेस जिला प्रभारी भगीरथ भट्ट ने बगैर महर का नाम लिए विधायक पर तंज कसा। भट्ट ने कहा कि अगर निकाय चुनाव के दौरान प्रत्याशी के चयन में पार्टी के फैसले से विधायक को आपत्ति थी तो वह पहले इस्तीफा देते और फिर अपना प्रत्याशी उतारते। कहा कि कांग्रेस के विधायक भी चुने गए हो, कांग्रेस का विरोध भी करते हो, यह नैतिक रूप से गलत आचरण है। नगर के एक होटल में पत्रकार वार्ता करते हुए भट्ट ने कहा कि निकाय चुनाव के दौरान कांग्रेस एकतरफा थी। भाजपा दौड़ में कहीं भी नहीं थी, लेकिन दुर्भाग्यवश जो भी हुआ वह सबके सामने है। कहा कि कई लोगों को पार्टी से निष्कासित किया गया है। जिनका निष्कासन नहीं हुआ है या कोई दिक्कत है उस पर कार्रवाई जारी है। हाईकमान मंथन कर रहा है। कहा कि पिथौरागढ़ नगर के अलावा अन्य जगह कांग्रेस का प्रदर्शन बेहतर रहा है। डीडीहाट, धारचूला, बेरीनाग में कांग्रेस प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की। कहा कि आगामी पंचायत चुनावों में भी कांग्रेस बेहतर प्रदर्शन करेगी। गांव की जनता कांग्रेस के साथ खड़ी है। भट्ट ने सरकार पर भी हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा के कार्यकाल में जनता सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, बेरोजगारी जैसी कई समस्याओं से जूझ रही है। जिनका जवाब अब जनता पंचायत चुनाव में भाजपा को देगी। यहां कांग्रेस जिलाध्यक्ष अंजू लुंठी, महेंद्र लुंठी, मुकेश पंत आदि मौजूद रहे।