एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट कोटद्वार की ओर से छात्र-छात्राओं को किया गया जागरूक
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट कोटद्वार की ओर से राजकीय इंटर कॉलेज धुमोकोट में जागरूकता अभियान चलाया गया। जिसके तहत छात्र-छात्राओं को बढ़ते अपराधों के साथ ही साइबर क्राइम और इससे बचने की जानकारी दी गई।
बुधवार को आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को बताया गया कि यदि उनके साथ कोई भी व्यक्ति अपमानजनक व्यवहार करता है या छेड़छाड़ करता है तो इस तरह की घटनाओं को कभी भी नजरअंदाज न करें, बल्कि इसकी सूचना तत्काल अपने परिजनों और पुलिस को दें। इस दौरान मानव तस्कारी, साइबर अपराधों से बचाव, सोशल मीडिया के दुष्प्रभावों व डायल-112 आदि के संबंध में भी जानकारी दी गई। वक्ताओं ने कहा कि बढ़ते इंटरनेट के प्रयोग व ऑनलाइन गेम की लत छात्रों के लिए हानिकारक हो सकती है। छात्रों से अपील की गई कि वह इनका इस्तेमाल घर में किसी बड़े की निगरानी में ही करें। कार्यक्रम में छात्रों को यातायात के नियमों की जानकारी भी दी गई। साथ ही कोरोना को हराने के लिए सरकार की ओर से जारी गाइडलाइन का पालन करने की भी अपील की गई।
नशे के दुष्प्रभावों के प्रति किया आगाह
कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति भी जागरूक किया। उन्होंने कहा कि किशारों व युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति उनके लिए घातक हो सकती है। युवा पीढ़ी नशे की गिरफ्त में फंसते जा रहे हैं और इससे बाहर निकलना बहुत ही मुश्किल है। बताया कि नशे से कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी हो सकती है। इसलिए छात्रों को शराब, सिगरेट, तंबाकू व ड्रग्स जैसे जहरीले पदार्थों से दूर रहना चाहिए।