शहर की अनदेखी नहीं की जाएगी बर्दाश्त

Spread the love

मांगों को लेकर दूसरे दिन भी जारी रहा उक्रांद का धरना
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : शहर की विभिन्न समस्याओं को लेकर उत्तराखंड क्रांति दल का धरना गुरुवार को भी जारी रहा। कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों ने जल्द समस्याओं का निराकरण नहीं होने पर आंदोलन को तेज करने की चेतावनी दी है। कहा कि शहर की अनदेखी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मौके पर यूकेडी कार्यकर्ताओं ने सरकार के विरोध में नारेबाजी भी की। इस अवसर पर पार्टी नेता डॉ. शक्तिशैल कपरवाण ने कहा कि डबल इंजन सरकार की युवा विरोधी नीतियों के कारण बेरोजगारी बढ़ती जा रही है। इस कारण युवाओं में रोष की भावना पनप रही है। कहा कि नगर निगम के अंतर्गत भी बहुत सी समस्याओं का समाधान अभी तक नहीं हो पाया है। उन्होंने स्थानीय बेरोजगारी दूर करने के लिए नियमों व वैज्ञानिक तरीके से क्षेत्र की नदियों को चुगान के लिए खोलने की मांग की। कहा कि नदी दोहन का लाइसेंस उत्तराखंड के मूल निवासियों को ही दिया जाना चाहिए। मौके पर विभिन्न सरकारी विभागों में संविदा पर कार्यरत कर्मचारियों को नियमित कर्मचारियों जैसी सुविधा देने, युवाओं को उद्योगों को लगाने के लिए प्रशिक्षण व ऋण देने और उद्योग स्थापित करने के लिए उद्योग विभाग और बैंकों को संयुक्त जिम्मेदारी सौंपने की मांग भी की गई। धरना स्थल पर राजाराम अंथवाल, चक्रधर कंडवाल, प्रकाश बमराड़ा, हरपाल सिंह नेगी, द्वारिका प्रसाद काला, जनार्दन ध्यानी, प्रवेशचंद्र नवानी, राजेंद्र पंत, गुलाब सिंह रावत, सतेन्द्र सिंह नेगी, विक्रम सिंह रावत और दिनेश धूलिया आदि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *