नियमों की अनदेखी, फैक्ट्री में शोपीस मिले अग्निशमन यंत्र

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : भाबर क्षेत्र के अंतर्गत प्लास्टिक मेल्डिंग कार्य के लिए खुली एक फैक्ट्री में अग्निशमन उपकरण केवल शोपीस स्थिति में मिले। अग्निशमन विभाग ने फैक्ट्री संचालक को चेतावनी देते हुए जल्द व्यवस्थाओं में सुधार करने के निर्देश दिए हैं। कहा कि यदि जल्द व्यवस्थाएं बेहतर नहीं बनाई गई तो फैक्ट्री के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
नियमानुसार, किसी भी शैक्षणिक संस्थान अथवा व्यवसायिक संस्थानों में अग्निशमन उपकरणों का कार्यशील स्थिति में होना अति आवश्यक है। लेकिन, भाबर क्षेत्र के अंतर्गत सिगड्डी ग्रोथ सेंटर में संचालित कई ईकाइयों में लगातार नियमों का उल्लंघन किया जा रहा है। अग्निशमन विभाग की टीम ने सिडकुल ग्रोथ सेंटर स्थित एक इकाई का निरीक्षण किया, जहां अग्नि दुर्घटना पर तत्काल काबू पाने के लिए लगाए गए तमाम संसाधन महज शो-पीस नजर आए। जबकि, इस फैक्ट्री में प्लास्टिक मोल्डिंग का कार्य होता है। अग्निशमन अधिकारी इसम सिंह ने बताया कि फैक्ट्री में फायर हाईड्रेंट के पानी के टैंक को फायर पंप से नहीं जोड़ा गया था। संस्थान में जितने भी अग्निशमन यंत्र लगे हुए थे, वह कार्यशील स्थिति में नहीं थे। कहा कि फैक्ट्री में प्लास्टिक मोल्डिंग का कार्य होता है व प्लास्टिक तेजी से आग पकड़ सकता है। बताया कि फैक्ट्री संचालक को दस दिन के भीतर व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए गए हैं। यदि इसके बाद भी व्यवस्थाओं में सुधार नहीं किया गया तो फैक्ट्री के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान संस्थानों में कार्यरत श्रमिकों को भी आग से बचाव की जानकारी दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *