ऋषिकेश होटल नवरंग में अवैध कसीनो का भंडाफोड़, 10 डांसर समेत 35 गिरफ्तार

Spread the love

नेपाली थीम पर चल रहा था कसीनो, नकदी-शराब-नकली नोट बरामद
ऋषिकेश। कोतवाली ऋषिकेश की आईडीपीएल चौकी क्षेत्र अंतर्गत शुक्रवार आधी रात को होटल नवरंग में पुलिस ने छापेमारी की। इस छापेमारी में पुलिस ने नेपाली थीम पर शुरू हुए कसीनो को पकड़ा है। मौके पर करीब 20 हजार कॉइन, नकदी, 6 बोतल शराब, 20 रुपए के नकली नोट और अनगिनत ताश की गड्डी मिली हैं। पुलिस ने करीब 10 महिला डांसरों समेत 35 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें दिल्ली के साथ लोकल और जनप्रतिनिधि भी शामिल होने की जानकारी मिली है।
छापेमारी से मचा हड़कंप, होटल सील: पुलिस ने होटल को सील कर दिया है। मामले में अग्रिम जांच और कार्रवाई शुरू कर दी है। कोतवाल कैलाश चंद्र भट्ट ने इस मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि देर रात मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सीओ नीरज सेमवाल के नेतृत्व में होटल पर अचानक छापेमारी की। पुलिस को देखते ही होटल में अवैध रूप से कसीनो खेल रहे लोगों में हड़कंप मच गया। वह भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन पुलिस की घेराबंदी ने उन्हें भागने नहीं दिया।
27 मार्च को हुई थी ओपनिंग: अभी तक की जांच में पता चला कि गुमानीवाला श्यामपुर निवासी अशोक थापा नेपाली थीम पर इस कसीनो को चलाने की कोशिश कर रहा था। 27 मार्च को ही इस कसीनो की ओपनिंग हुई। जिसमें महिला डांसर कसीनो खेलने पहुंचे लोगों को लुभाने के लिए पहुंची। यह भी जानकारी मिली है कि यह सारा गेम नकद की जगह ऑनलाइन रुपए ट्रांजैक्शन के साथ चल रहा था। पुलिस इस बड़े मामले में गहन जांच पड़ताल कर रही है। जिसके बाद बड़ा खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *