अवैध खनन पर सख्ती, मुख्यालय अटैच होंगे डीएफओ

Spread the love

वन क्षेत्र की नदियों में हो रहे अवैध खनन को लेकर मंत्री ने दिखाई सख्ती
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : आखिर वन क्षेत्र के अंतर्गत नदियों में हो रहे अवैध खनन को लेकर सिस्टम की नींद खुल ही गई। वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत ने अवैध खनन के खिलाफ सख्ती दिखाते हुए लैंसडौन वन प्रभाग के डीएफओ दीपक कुमार को देहरादून मुख्यालय अटैच करने के निर्देश जारी किए हैं। कहा कि अवैध खनन की जांच के लिए वन विभाग की विशेष टीम भी गठित की जाएगी।
शुक्रवार को सिम्मलचौड़ में पत्रकारों से वार्ता करते हुए वन मंत्री ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि उन्हें पिछले कई दिनों से मालन व सुखरो नदी में अवैध खनन की शिकायत मिल रही थी। शुक्रवार सुबह जब वह मौके पर पहुंचे तो नदियों में चैनेलाइजेशन के नाम पर बड़े-बड़े गड्ढे खोदे गए थे। उपखनिज को सुरक्षा दीवार के रूप में नदियों के किनारे लगाने के बजाय उसे बेच दिया गया था। कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने डीएफओ दीपक कुमार को देहरादून मुख्यालय अटैच करने के निर्देश जारी किए हैं। पूरे मामले की जांच के लिए वन विभाग की विशेष टीम भी गठित की जा रही है। जांच रिपोर्ट के बाद डीएफओ के खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी। कहा कि वन क्षेत्र की नदियों में अवैध खनन किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अवैध खनन पर नजर रखने के लिए जल्द ही वन विभाग, पुलिस व प्रशासन की टीम भी गठित होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *