-उड़ानें प्रभावित, 42 ट्रेनें रद्द और स्कूलों में छुट्टी
नईदिल्ली, बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तूफान मोन्था मंगलवार शाम तक आंध्र प्रदेश के काकीनाडा पहुंच जाएगा, लेकिन उससे पहले इसका असर दिखना शुरू हो गया है। मंगलवार दोपहर को भारी लहरों से 8 किमी उप्पाडा-काकीनाडा बीच सड़कें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। अभी तक प्रभावित इलाकों से 10,000 लोगों को बाहर निकाला जा चुका है। करीब 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली हवाओं के साथ आ रहे तूफान को लेकर आंध्र प्रदेश और ओडिशा में अलर्ट है।
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, चक्रवात मोन्था रविवार देर रात आंध्र प्रदेश के मछलीपट्टनम से करीब 280 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिणपूर्व और विशाखापत्तनम से 410 किलोमीटर दक्षिण में केंद्रित था। तूफान पहले ही कई तटीय जिलों में पहुंच चुका है, जिससे चित्तूर, तिरुपति और काकीनाडा में अत्यधिक बारिश हो रही है और जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। काकीनाडा जिले के 12 मंडलों के 67 गांव चक्रवात से प्रभावित होंगे, जिसका राज्य के लगभग 30 विधानसभा क्षेत्रों पर प्रभाव पड़ सकता है।
चक्रवात मोन्था आंध्र प्रदेश में दस्तक देगा, लेकिन ओडिशा भी तैयार है। सरकार ने मंगलवार से भारी बारिश और तेज हवाओं की संभावना को देखते हुए मलकानगिरी, कोरापुट, नबरंगपुर, रायगढ़, गजपति, गंजम, कालाहांडी और कंधमाल में रेड अलर्ट जारी किया है। राज्य में 1,445 चक्रवात आश्रय स्थल खुले हैं और 140 बचाव दल तैयार है। गजपति जिले के पहाड़ी इलाकों पर भूस्खलन की संभावना को देखते हुए सतर्क हैं। निचले इलाकों से 32,000 लोगों को निकालने का काम जारी है।
चक्रवात का हल्का असर पश्चिम बंगाल में दिखेगा। यहां के कोलकाता, हावड़ा, हुगली, दक्षिण 24 परगना, पूर्व-पश्चिम मेदिनीपुर में भारी बारिश की संभावना है और 80-90 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। चक्रवात के आगे बढ़ने पर उत्तर बंगाल में 29 अक्टूबर से बारिश बढ़ने की संभावना है। तमिलनाडु के चेन्नई, तिरुवल्लूर, कांचीपुरम और रानीपेट में सोमवार को भारी बारिश हुई है। मोन्था चेन्नई से 480 किलोमीटर पूर्व में है। यहां असर कम दिखेगा।
खराब मौसम के कारण विशाखापत्तनम और चेन्नई के बीच करीब 6 उड़ानें रद्द कर दी गईं हैं। इंडिगो ने यात्रियों से हवाई अड्डा निकलने से पहले उड़ान की स्थिति जानने को कहा है। आंध्र प्रदेश और ओडिशा में करीब 42 ट्रेन रद्द हुई हैं। भारी बारिश को देखते हुए आंध्र और ओडिशा में 3 दिन के लिए स्कूलों में छुट्टी की है। आंध्र में 27-31 अक्टूबर तक कई जिलों में छुट्टी रहेगी। ओडिशा में 28-29 अक्टूबर को स्कूल बंद रहेंगे।
००