खबर का हुआ असर : वृद्धा कुमाली देवी की मदद को आगे आई ब्लॉक प्रमुख बीना राणा
टूटी छत को ढकने पहुंचे खंड विकास अधिकारी और प्रमुख बीना राणा के प्रतिनिधि
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : दैनिक जयन्त के 19 अगस्त 2024 (सोमवार) के अंक में जीर्ण-क्षीण भवन में रहने को मजबूर वृद्धा, सरकारी योजनाओं का नहीं मिला अब तक लाभ नामक शीर्षक से प्रकाशित खबर का असर हुआ है। ब्लॉक प्रमुख बीना राणा वृद्धा की मदद को आगे आई है। ब्लॉक प्रमुख ने वृद्धा के लिए खाद्यान सामग्री और मकान की छत ढकने के लिए त्रिपाल भिजवाया है।
विकासखंड कल्जीखाल के मनियारस्यूं पट्टी के गूंड गांव की 80 वर्षीय वृद्धा कुमाली देवी टूटी फूटी छत के नीचे रहने को मजबूर थी न जाने कब वह भी दैवीय आपदा की भेंट चढ़ जाए। मंगलवार को क्षेत्र के विधिक कार्यकर्ता जगमोहन डांगी ने वृद्धा की वास्तु स्थिति की पड़ताल करने स्वयं राजस्व उप निरीक्षक, ग्राम प्रधान, आंगनबाड़ी कार्यकत्री, ग्राम प्रहरी सहित गूंड गांव पहुंचे। उन्होंने वृद्धा को दैवीय आपदा और गुलदार से बचाने के लिए सुरक्षित स्थान पंचायत भवन आदि में विस्थापित करने का प्रयास किया, लेकिन वृद्धा कुमाली देवी घर से कही जाने को तैयार नहीं हुई। जीर्ण शीर्ण घर से अतीत के भावनात्मक लगाव होने के कारण वह घर छोड़ने तैयार नहीं थी। दैनिक जयन्त के 19 अगस्त 2024 (सोमवार) के अंक में जीर्ण-क्षीण भवन में रहने को मजबूर वृद्धा, सरकारी योजनाओं का नहीं मिला अब तक लाभ नामक शीर्षक से प्रकाशित खबर का असर हुआ है। कल्जीखाल ब्लॉक प्रमुख बीना राणा वृद्धा की मदद को आगे आई है। प्रमुख बीना राणा ने खंड विकास अधिकारी को बुजुर्ग महिला की मदद के लिए भेजा। शुक्रवार को खंड विकास अधिकारी खद्यान्न सामग्री और छत ढकने के लिए त्रिपाल भिजवाया। इस मौके पर कनिष्ठ प्रमुख अर्जुन पटवाल, प्रमुख बीना राणा के जन संपर्क अधिकारी अशोक रावत सहित ब्लॉक के कर्मचारी मौजूद थे।