देहरादून। आल इण्डिया गोरखा एक्स सर्विसमैन वेलफेयर एसोसिएशन (एग्युवा) के देहरादून में हुए दो दिवसीय वार्षिक सम्मेलन में कई राज्यों के प्रतिनिधि मंगलवार को पहुंचे। सम्मेलन में सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि भारतीय सेना में गोर्खाली समाज का अहम योगदान रहा है। उत्तराखंड सरकार भी गोरखा समाज के उत्थान को प्रतिबद्ध है। विजयपुर हाथीबड़कला नया गांव में हुए सम्मेलन में सैनिक कल्याण मंत्री जोशी ने कहा कि गोरखा समाज का मातृभूमि की रक्षा में अहम योगदान रहा है। गोरखा रेजीमेंट के जवानों ने हर युद्ध में हर मोर्चे पर अपनी बहादुरी का परिचय दिया। गोरखा समाज सीमाओं की रक्षा के साथ राज्य के विकास में भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। राज्य सरकार गोरखा समाज के विकास, कल्याण के लिए निरंतर प्रयासरत है। गोरखा समाज के प्रतिनिधियों ने भी राज्य सरकार की ओर से पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों के कल्याण को संचालित योजनाओं की सराहना की। सम्मेलन में 26 नवंबर के मुम्बई आतंकी हमले में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों के लिए दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि भी दी। संविधान निर्माण समिति के सदस्य रहे अरि बहादुर गुरुंग को भी श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर अध्यक्ष कर्नल आरएस क्षेत्री, उपाध्यक्ष एसपी प्रधान, वीके गुरुंग, महासचिव डीके प्रधान आदि मौजूद रहे।