जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : तहसील सभागार में जनगणना कार्य में लगे प्रगणकों व सुपरवाइजरों को प्रशिक्षण के दूसरे दिन बृहस्पतिवार को जनगणना में प्रयुक्त संकल्पनाओं और परिभाषाओं की जानकारी दी गई। इस मौके पर जनगणना निदेशालय उत्तराखंड से मास्टर ट्रेनर शिव कुमार ने प्रशिक्षण का जायजा लिया। उन्होंने प्रतिभागियों को जनगणना कार्य के लिए जरूरी टिप्स भी दिए। कहा कि फील्ड कार्य करने से पूर्व अपने सभी संदेहों का निराकरण करवा लें। जिससे स्पष्ट त्रुटिहीन डेटा संकलित हो सके।
फील्ड ट्रेनर शिक्षक उमेश वर्मा व जिला विकास प्राधिकरण की अवर अभियंता शक्कू ने प्रगणकों को एप के माध्यम से उत्तर भरने, डेटा सत्यापन करने, स्वगणना में पर्यवेक्षकों व प्रगणकों की भूमिका, डेटा सुरक्षा एवं एप के उपयोग में बरती जाने वाली सावधानियों पर विस्तार से जानकारी दी। इससे पूर्व गत बुधवार को दी गई जानकारी की समीक्षा की गई। साथ ही प्रगणक, पर्यवेक्षक से प्रश्नोत्तरी कर उत्तरों का विश्लेषण किया गया। स्वगणना पोर्टल की जानकारी से भी अवगत कराया गया। इस मौके पर चार्ज अधिकारी नायब तहसीलदार राजेंद्र प्रसाद सनवाल, आरके देवकीनंदन नौटियाल, दीपक बेदवाल ने भी जानकारियां दी।