-जयन्त की खबर का हुआ असर, स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची उदयरामपुर
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार। नगर निगम क्षेत्र के भीमसिंहपुर उदयरामपुर में शनिवार को एक ही दिन में पुत्र के बाद पिता की मौत की हृदय विदारक घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग कुंभकर्णीय नींद से जाग गया है। सोमवार को यह खबर दैनिक जयन्त समाचार पत्र में सबसे पहले प्रमुखता से प्रकाशित होने के बाद स्वास्थ्य विभाग कलालघाटी की टीम ने उदयरामपुर में घर-घर जाकर कोरोना जांच के रैपिड एंजीजिन टेस्ट किये। जिनमें से 7 लोगों की रिपोर्ट पॉजीटिव आई है।
दैनिक जयन्त समाचार पत्र में सोमवार को ‘‘कोटद्वार में कोरोना माहमारी: एक ही घर से एक के बाद एक उठी दो अर्थियां, 15 दिन में 85 से अधिक मौतें’’ शीर्षक से समाचार प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इस ह्दय विदारक घटना के बाद भीमसिंहपुर उदयरामपुर के लोगों में भय का माहौल व्याप्त है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कलालघाटी के फार्मासिस्ट इंचार्ज राकेश मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि पौड़ी गढ़वाल के सीएमओ डॉ. मनोज शर्मा के निर्देश पर सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उदयरामपुर क्षेत्र में 76 लोगों का रैपिड एंटीजिन टेस्ट किया है। जिसमें 7 लोगों की रैपिड एंजीजिन टेस्ट रिपोर्ट पॉजीटिव आई है। पॉजीटिव आए सात लोगों को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कोविड किट देकर होम आईसोलेट कर दिया है। उन्होंने बताया कि रैपिड एंटीजिन टेस्ट की रिपोर्ट मात्र पांच मिनट में आ जाती है, जिसके चलते कोरोना संक्रमित व्यक्तियों की पुष्टि हुई है। लैब टैक्नीशियन अंकित खैरवाल ने पीपीई किट पहनकर लोगों के सैंपल लिये।
ज्ञातव्य हो कि शनिवार को कलालघाटी क्षेत्र के भीमसिंहपुर उदयरामपुर में एक घर से जवान बेटे की अर्थी को आस-पड़ोस और रिश्तेदार कंधा देने नहीं आये तो तब मात्र परिवार के चार लोगों ने कार में शव लाकर मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार किया था। अंतिम संस्कार करने के बाद घर पहुंचे तो देखा कि उसके पिता की भी मौत हो गई थी। परिवार के ये चारों कंधे फिर पिता का शव लेकर मुक्तिधाम पहुंचे थे। जहां उन्होंने पिता का भी अंतिम संस्कार किया था। दरअसल इस गांव में एक शादी हुई थी। शादी में शामिल इन दो पिता-पुत्र के अलावा चार और लोगों की भी मौत हो गई थी। इन लोगों का कोरोना टेस्ट नहीं किया गया था, लेकिन बीमारी के बाद इन लोगों की मृत्यु हुई है। पौड़ी गढ़वाल के सीएमओ डॉ. मनोज शर्मा ने बताया कि उदयरामपुर क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ कोरोना संबंधी रैपिड एंटीजिन टेस्ट किया है। जिसमें 7 लोग पॉजीटिव निकले हैं। पॉजीटिव आए लोगों की हालत सामान्य देखते हुए उन्हें कोविड किट देकर होम आईसोलेशन में रखा गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम में दुगड्डा ब्लॉक के कोविड प्रभारी डॉ. शैलेंद्र बड़थ्वाल, टीआरएस कौड़िया में तैनात डॉ. राकेश सारंग, लैब टैक्नीशियन अंकित खैरवाल, एएनएम लता भंडारी, सुनीता नेगी, आशा सुपरवाइजर पूनम, आशा कार्यकत्री ममता डबराल शामिल थे।