कुल्लू ,0 हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में लगातार हो रही बारिश अब जानलेवा बनती जा रही है। बीते तीन दिनों में यह चौथा मौका है जब जिला मुख्यालय में भूस्खलन की घटना सामने आई है। गुरुवार सुबह करीब 7:30 बजे हुए ताजा भूस्खलन में दो मकान चपेट में आ गए। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई है जबकि तीन लोगों को मलबे से सुरक्षित निकाल लिया गया है। अभी भी कई लोग मलबे के नीचे फंसे हुए हैं।
जानकारी के मुताबिक इनर अखाड़ा बाजार इलाके में भारी बारिश के चलते पहाड़ी से मलबा और चट्टानें अचानक नीचे आ गिरीं, जिससे दो घर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के तुरंत बाद राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच चुकी है और रेस्क्यू अभियान जारी है। अब तक तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है, जिनमें दो महिलाएं शामिल हैं। सभी को प्राथमिक इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है। एक मृतक का शव भी मलबे से निकाला गया है जिसे क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू पहुंचाया गया है।
स्थानीय प्रशासन के अनुसार एक महिला और पांच कश्मीरी मजदूर अभी भी मलबे में दबे हुए हैं। मौके पर कुल्लू के एडीसी अश्विनी कुमार और एसडीएम निशांत कुमार खुद मौजूद हैं और राहत कार्य की निगरानी कर रहे हैं। इधर मौसम विभाग ने प्रदेश के चार जिलों — कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और सिरमौर — के कुछ हिस्सों के लिए वीरवार को बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं शुक्रवार को कांगड़ा, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों के लिए भी येलो अलर्ट जारी किया गया है। छह सितंबर से बारिश में थोड़ी राहत मिलने की संभावना जताई गई है, हालांकि नौ सितंबर तक प्रदेश में मौसम के बिगड़े रहने का पूर्वानुमान है। कुल्लू समेत अन्य इलाकों में रह रहे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है और प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।