ऑटो चालक की गिरफ्तारी के विरोध में आप कार्यकर्ताओं ने किया कोतवाली का घेराव

Spread the love

हरिद्वार। आम आदमी ऑटो रिक्शा प्रकोष्ठ से जुड़े ऑटो चालक को गिरफ्तार करने पर आप कार्यकर्ताओं ने नगर कोतवाली का घेराव कर धरना दिया। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि रक्षाबंधन पर आम आदमी पार्टी ने महिलाओं के लिए नि:शुल्क ऑटो रिक्शा सेवा का संचालन किया था। इसके बाद पुलिस ने एक ऑटो चालक राकेश यादव को गिरफ्तार कर लिया। ऑटो चालक की गिरफ्तारी के विरोध में महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष हेमा भंडारी व नरेश शर्मा के नेतृत्व में आप कार्यकर्ता नगर कोतवाली पहुंचे और चालक को रिहा किए जाने की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। आम आदमी पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष हेमा भंडारी ने कहा कि आप पार्टी रक्षाबंधन के दिन नि:शुल्क ऑटो सेवा के जरिए महिलाओं को एक तोहफा देना चाहती थी। लेकिन पुलिस ने सत्तारूढ़ पार्टी के दबाव में आकर ऑटो रिक्शा चालक राकेश यादव को गिरफ्तार कर लिया। ऑटो चालक की गिरफ्तार का पता चलने पर जब पुलिस से जानकारी की गयी तो पुलिस द्वारा बार-बार इनकार किया गया। पार्टी कार्यकर्ताओं के दबाव बनाने पर पुलिस ने बताया कि चालक को विभिन्न धाराओं में गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में तय हो चुकी हार को देखते हुए भाजपा बौखला गयी है और सत्ता का दबाव बनाकर आप कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न कर रही है। हाल ही में भाजपा छोड़कर आम आदमी पार्टी में शामिल हुए नरेश शर्मा ने कहा कि बिना किसी अपराध के ऑटो चालक को गिरफ्तार करना पुलिस की तानाशही है। पुलिस ने चालक के परिवार को गिरफ्तारी की सूचना तक नहीं दी। ना ही परिवार के लोगों को उनसे मिलने दिया गया। पार्टी के पदाधिकारियों के पूछे जाने के बावजूद देर रात तक कोई जानकारी नहीं दी गयी। नवीन कौशिक ने कहा कि हार की संभावना से भाजपा बौखला गया है। विपक्षी दलों की आवाज दबाने के लिए सरकारी मशीनरी का दुरूपयोग किया जा रहा है। लेकिन जनता सब कुछ समझ रही है और चुनाव में सबक सिखाने के लिए तैयार बैठी है। इस दौरान रघुवीर सिंह, अर्जुन सिंह, मयंक गुप्ता, गीता देवी, अजय कुमार सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *