भूठ गांव में दो भाईयों सहित तीन की मौत मामले में परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, जांच की मांग

Spread the love

विकासनगर()। तहसील क्षेत्र के भूठ गांव के स्कूल के पुराने भवन में दो भाइयों समेत तीन युवकों की संदिग्ध अवस्था में मौत के मामले में परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। इस हादसे में मारे गए दो भाइयों के पिता केवल राम निवासी ग्राम डिरनाड कलिच ने प्रशासन से मामले की जांच की मांग की है। वहीं, स्वाभिमान मोर्चा के अध्यक्ष बॉबी पंवार और रुद्र सेना के संरक्षक राकेश उत्तराखंडी ने भी कालसी में एसडीएम त्यूणी को ज्ञापन देकर इस मामले में कार्रवाई की मांग की। उल्लेखनीय है कि भूठ गांव के जूनियर हाईस्कूल के पुराने भवन के एक कमरे में तीन मजदूर रह रहे थे। रविवार सात दिसंबर को वे देर सुबह तक कमरे से नहीं निकले। आसपास के ग्रामीण वहां पहुंचे तो वहां रसोई गैस की दुर्गंध आ रही थी। काफी आवाज लगाने के बाद भी कमरे के अंदर से जवाब नहीं आई। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी राजस्व पुलिस को दी। राजस्व पुलिस दरवाजा तोड़कर कमरे में पहुंची तो वहां तीन लोग मृत अवस्था में मिले। कमरे की एकमात्र खिड़की अंदर से बंद थी। निकट ही रसोई गैस का सिलेंडर रखा था। उससे गैस लीक हो रही थी। मृतकों की पहचान संदीप पुत्र जमन सिंह (25) निवासी पट्यूड़, प्रकाश पुत्र केवल राम (35) और संजय (28) पुत्र केवल राम निवासी डिरनाड़ जिला देहरादून के तौर पर हुई है। इनमें प्रकाश और संजय दोनों सगे भाई थे। इनके पिता केवल राम पुत्र स्व. खेम सिंह निवासी ग्राम डिरनाड कलिच तहसील त्यूणी ने इस मामले में प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने कहा है कि तीनों युवक ग्राम भूठ निवासी अमित राणा (वर्तमान ग्राम प्रधान) के मकान के निर्माण कार्य में लगे थे। उनको रहने के लिए राजकीय प्राथमिक विद्यालय ग्राम भूठ में कमरा दिया गया था। इसके बाद वे सुबह मृत मिले। इस बाबत उपजिलाधिकारी त्यूनी प्रेम लाल ने कहा कि मृतकों के परिजनों ने इस बारे में पत्र दिया है। मामले की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी। तीनों ने घर फोन करके बताया था कि कोई डरा रहा: परिजनों ने बताया कि छह दिसंबर की रात लगभग पौने एक बजे तीनों ने उन्हें फोन कर बताया कि कोई अज्ञात व्यक्ति बाहर से उनको डराने-धमकाने का प्रयास कर रहा है। परिजनों ने बताया कि मृतकों के चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान थे। एक का हाथ टूटा था। परिजनों ने इसे स्वाभाविक मृत्यु न मानते हुए हत्या की आशंका जताई है। परिजनों का आरोप है कि इस घटना के पीछे साजिश हो सकती है। मामले की जांच के लिए कमेटी बने : बॉबी इस मामले में उत्तराखंड स्वाभिमान मोर्चा के अध्यक्ष बॉबी पंवार ने कहा कि यह सुनियोजित हत्या है। इसकी निष्पक्ष जांच के लिए कमेटी गठित की जाए। दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई हो। वहीं, उनके साथ रुद्रसेना के संस्थापक राकेश उत्तराखंडी ने उप जिलाधिकारी त्यूणी को ज्ञापन सौंपकर केस दर्ज करके दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की। इस मौके पर क्षेत्र पंचायत सदस्य डागुरा मातवर चौहान, जसवीर सिंह बिट्टू, दिनेश राठौर और कृपाल राणा आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *