सड़क हादसे में मां-बेटे की मौत के मामले में बस चालक धरा

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
हरिद्वार: पथरी थाना क्षेत्र के पदार्था व धनपुरा गांव के बीच अज्ञात वाहन की टक्कर में मां-बेटे की मौत के मामले में पुलिस ने आरोपित चालक को हिरासत में ले लिया है। मामले को लेकर परिजनों ने पुलिस को आरोपी बस चालक के खिलाफ तहरीर दी है।
मंगलवार देर शाम कल्लू उम्र 25 पुत्र धीर सिंह अपनी मां फूलमती उम्र 60 और बेटा विहान उम्र पांच वर्ष निवासी खानपुर बाइक से घर लौट रहे थे। पदार्था व धनपुरा के बीच लक्सर हरिद्वार मार्ग पर अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में मां-बेटे की मौत हो गई, जबकि पांच वर्षीय विहान छिटकने से बच गया। पुलिस ने रात में ही सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चालक को हिरासत में ले लिया। बताया जा रहा है कि बस चालक श्रमिकों को लेकर पदार्था स्थित एक नामी कंपनी से निकला था, जो बाइक को टक्कर मारने के बाद मौके से बस के साथ फरार हो गया था। बुधवार को मृतक के परिजन आप पार्टी के हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा प्रभारी नरेश शर्मा व ग्रामीणों के साथ पुलिस चौकी फेरुपुर पहुंचे। कार्रवाई की मांग के दौरान पुलिस व ग्रामीणों के बीच हल्की नोकझोक भी हुई। फेरुपुर चौकी प्रभारी चरण सिंह चौहान ने बताया कि पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *