प्रधानमंत्री की रैली को लेकर भाजपा ने कसी कमर

Spread the love

-चार दिसंबर को देहरादून के परेड ग्राउंड में रैली के होने की संभावना
-पार्टी के पदाधिकारियों को दी गई है रैली में भीड़ जुटाने के लिए जिम्मेदारी
जयन्त प्रतिनिधि।
देहरादून : भारतीय जनता पार्टी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चार दिसंबर को प्रस्तावित रैली की तैयारियां शुरू कर दी हैं। रैली में भीड़ को लेकर भी पार्टी पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंप दी गई हैं। इसके तहत महामंत्री कुलदीप कुमार को दून महानगर और जिला, राजेंद्र भंडारी को हरिद्वार और टिहरी जबकि सुरेश भट्ट को गढ़वाल के अन्य जिलों की जिम्मेदारी दी गई है।
संबंधित जिलों के विधानसभा क्षेत्रों में सामंजस्य बनाने के लिए भी समन्वयक बनाए हैं। पूर्व दर्जाधारी अनिल गोयल को टिहरी, देहरादून के विधानसभा क्षेत्रों की जिम्मेदारी पुष्कर काला को दी गई है। पार्टी के प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने बताया कि तीन दिसंबर तक गढ़वाल मंडल के सभी जिलों में पदाधिकारियों के साथ बैठकें होंगी, ताकि पीएम मोदी की रैली में ज्यादा से ज्यादा भीड़ जुटाई जा सके। भाजपा ने संगठनात्मक जिले महानगर, देहरादून, हरिद्वार, टिहरी को भीड़ लाने के लिए जिम्मेदारी सौंप दी है। सबसे ज्यादा 50 हजार की भीड़ महानगर संगठन को दी गई है, जबकि देहरादून जिले को 40 हजार, हरिद्वार को 30 हजार और टिहरी जिले को 10 हजार भीड़ का लक्ष्य दिया है। गढ़वाल के अन्य जिलों को पांच हजार की जिम्मेदारी दी गई है। भाजपा प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने बताया कि रैली में सवा लाख से ज्यादा भीड़ का लक्ष्य रखा गया है। मोदी की रैली के परेड मैदान में होने की ज्यादा संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *