यूपी में प्रियंका गांधी को झटका, सलाहकार ने छोड़ दी कांग्रेस

Spread the love

लखनऊ , एजेंसी। मिशन 2022 के लिए नया नारा लड़की हूं लड़ सकती हूं देने के कुछ घंटे बाद ही प्रियंका गांधी को यूपी में बड़ा झटका लगा है। प्रियंका गांधी के सलाहकार हरेंद्र मलिक ने पार्टी की सदस्यता और सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है। हरेंद्र मलिक के साथ ही पूर्व विधायक पंकज मलिक ने भी पार्टी छोड़ दी है। पंकज इस समय यूपी कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष थे। फिलहाल दोनों नेताओं ने पार्टी छोड़ने का कारण नहीं बताया है।
हरेंद्र मलिक ने कहा कि अभी तक कांग्रेस के सदस्य के तौर पर काम कर रहा था। एसीसीआई कार्यसमिति का सदस्य होने के साथ ही प्रियंका गांधी के सलाहकार समिति का सदस्य, चुनाव अभियान समिति का सदस्य भी था। मैंने सभी पदों के साथ ही कांग्रेस की सदस्यता से भी इस्तीफा प्रियंका गांधी को भेज दिया है। पार्टी छोड़ने के कारणों पर हरेंद्र मलिक ने कहा कि 18 साल कांग्रेस में रहा। राजनीतिक आदमी हूं और आगे भी राजनीति करता रहूंगा। अगले कदम का जल्द खुलासा करने की बात भी हरेंद्र मलिक ने कही। एक सवाल के जवाब में हरेंद्र मलिक ने कहा कि बीजेपी में जाने का सवाल ही नहीं उठता है। हमारी और बीजेपी की विचारधारा बिल्कुल अलग है। वहीं पंकज मलिक ने प्रियंका गांधी को भेजे त्यागपत्र में लिखा है कि एआईसीसी यूपी उपाध्यक्ष और पार्टी की ओर से मिली अन्य सभी जिम्मेदारियों से इस्तीफा दे रहा हूं। इसके साथ ही कांग्रेस की प्राथमिकत सदस्यता से भी इस्तीफा दे रहा हूं। पंकज मलिक कांग्रेस से विधायक रहने के साथ ही विधानमंडल के पूर्व उप नेता भी रहे हैं। गौरतलब है कि प्रियंका ने मंगलवार को ही मिशन 2022 के लिए मास्टर स्ट्रोक लगाते हुए नया नारा दिया है। उन्होंने लड़की हूं लड़ सकती हूं का नारा देते हुए अगले विधानसभा चुनाव में महिलाओं को 40 प्रतिशत टिकट देने का ऐलान किया है।
ऐसे में आज ही मिले इस तरह के इस्तीफों से पार्टी की उम्मीदों को झटका लगा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *