माया देवी विश्वविद्यालय में वीबीयूएसएस राष्ट्रीय स्तर बोधआईकेएस परीक्षा–2026 के पोस्टर का लोकार्पण, शैक्षणिक जगत में उत्साह

Spread the love

देहरादून()। माया देवी विश्वविद्यालय में आज विद्या भारती उच्च शिक्षा संस्थान द्वारा आयोजित राष्ट्रीय स्तर की बोधआईकेएस परीक्षा–2026 के पोस्टर का विधिवत लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर में शैक्षणिक वातावरण में उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा देखने को मिली। कार्यक्रम में लोकसेवा आयोग, उत्तराखंड के पूर्व अध्यक्ष एवं वर्तमान प्रांतीय अध्यक्ष (वीबीयूएसएस) प्रो. (डॉ.) जगमोहन सिंह राणा, विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. आशीष सेमवाल, उपाध्यक्ष डॉ. तृप्ति जुयाल तथा उच्च शिक्षा विभाग, उत्तराखंड सरकार से प्रो. (डॉ.) अनीता रावत की गरिमामयी उपस्थिति रही। पोस्टर विमोचन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि बोधआईकेएस परीक्षा केवल एक प्रतियोगी परीक्षा नहीं है, बल्कि यह भारतीय ज्ञान परंपरा, बौद्धिक विरासत और सांस्कृतिक मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुँचाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों में वैचारिक स्पष्टता, समग्र दृष्टिकोण और राष्ट्रबोध विकसित करने में इस परीक्षा की भूमिका को रेखांकित किया। कुलपति डॉ. आशीष सेमवाल ने विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे इस राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में बढ़-चढ़कर भाग लें और भारतीय ज्ञान प्रणाली (IKS) से जुड़कर अपनी बौद्धिक क्षमता को सुदृढ़ करें। उन्होंने कहा कि ऐसी पहलें अकादमिक उत्कृष्टता के साथ-साथ सांस्कृतिक चेतना को भी सशक्त बनाती हैं। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के शिक्षक, शोधार्थी एवं विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने बोधआईकेएस परीक्षा–2026 को लेकर उत्साह व्यक्त करते हुए इसे शैक्षणिक नवाचार और वैचारिक समृद्धि की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *