जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : प्रदेश के पूर्व काबीना मंत्री डा. हरक सिंह रावत ने कहा कि देव भूमि में बढ़ता अपराध चिंता का विषय है। राजधानी में पिछले 20 दिन से पांच से अधिक हत्याएं हो चुकी है। प्रदेश में बिगड़ रही कानून व्यवस्थाओं से आमजन के मन में खौफ बना हुआ है।
कल्जीखाल क्षेत्र के अंतर्गत भेटी में जनसभा को संबोधित करते हुए पूर्व काबीना मंत्री ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने चुनाव के दौरान जनता से बड़े-बड़े वादे किए थे। लेकिन, चुनाव जीतने के बाद भाजपा के नेता अपना वादा भूलकर जनता का शोषण करने में जुटे हुए हैं। प्रदेशवासी स्वास्थ्य, शिक्षा सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं, जिस उत्तराखंड को देवभूमि कहा जाता था। आज वह अपराध की भूमि बनती जा रही है। राजधानी देहरादून में बिगड़ती कानून व्यवस्था कई सवाल खड़े कर रही है। उन्होंने सरकार पर युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ का भी आरोप लगाया। कहा कि अग्निवीर योजना बेरोजगारों के साथ धोखा है। कहा कि कांग्रेस जनता के हितों को लेकर संघर्ष करती रहेगी। इस मौके पर कांग्रेस नेता सुंदरलाल मुयाल, सेवानिवृत्त कर्नल रामरतन सिंह नेगी, कांग्रेस जिलाध्यक्ष विनोद नेगी, ब्लॉक अध्यक्ष कल्जीखाल सुधीर सिंह, रणवीर लाल, यशोदा देवी आदि मौजूद रहे।