जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी ने बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता व्यक्त की है। कहा कि सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए पुलिस प्रशासन को सख्ती बरतनी चाहिए। कहा कि विगत कुछ दिनों से आए दिन सड़क दुर्घनाओं में बढ़ोत्तरी हुई है।
पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी राजकीय बेस चिकित्सालय पहुंचे, जहां पर उन्होंने विगत दिन एक सड़क दुर्घटना में घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने बेस चिकित्त्सालय के चिकित्सकों से भर्ती घायलों का सही ढंग से इलाज करवाने का आग्रह किया। पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि वर्तमान में अनियंत्रित वाहनों की चपेट में आने से दुर्घटनाएं बढ़ रही है। कहा कि आए दिन कोटद्वार में भी वाहन दुर्घटनाओं में बढ़ोत्तरी हो रही है। दो दिन पहले ही कोटद्वार दुगड्डा के मध्य एक ट्रक खाई में गिर जाने से चालक की मौत हो गई थी। जिसके बाद विगत दिन एक जिप्सी ने ई-रिक्शा पर टक्कर मार दी, जिससे चालक सहित चार लोग घायल हो गए। कहा कि कई बार नाबालिक बच्चे भी वाहन चलाते हुए देखे जाते है। कहा कि पुलिस प्रशासन को नियमित रूप से वाहन चैकिंग अभियान चलाना चाहिए। ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लग सके।