मैदानी क्षेत्र के लिए बढ़े यात्री, सीटें हुई फुल

Spread the love

दीपावली के बाद मैदानी क्षेत्र के लिए जाने वालों की बढ़ी तादात
यात्रियों की बढ़ी संख्या को देख परिवहन निगम ने बढ़ाई बसें
जयन्त प्रतिनिधि
कोटद्वार: दीपावली के त्योहार के बाद वापस मैदानी क्षेत्र में जाने वाले लोगों की तादात बढ़ने लगी है। यही कारण था कि रविवार को कोटद्वार बस अड्डे में यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ी हुई थी। यात्री घंटों बस अड्डे में खड़े रहकर बसों का इंतजार करते हुए नजर आए।
दीपावली मनाने के लिए दिल्ली सहित अन्य मैदानी क्षेत्रों से कई लोग अपने गांव आए हुए थे। त्योहार मनाने के बाद अब यह लोग वापस अपनी कर्मस्थली को लौटने लगे हैं। रविवार सुबह से ही कोटद्वार बस स्टेशन में यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ी हुई थी। अड्डे से बस निकलते ही वह यात्रियों से फुल हो जा रही थी। द्वारीखाल निवासी सुदर्शन सिंह ने बताया कि वह दिल्ली जाने के लिए सुबह आठ बजे कोटद्वार बस स्टेशन में पहुंच गए थे, लेकिन 11 बजे तक भी उन्हें बस नहीं मिल पाई। सतपुली निवासी आकाश कुमार ने बताया कि बस नहीं मिलने के कारण मजबूरन उन्हें निजी वाहन बुक कर दिल्ली जाना पड़ रहा है। पूरे दिन शहर में यात्री सड़क किनारे बसों का इंतजार करते हुए नजर आए। वहीं, देहरादून जाने के लिए भी यात्रियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। उत्तराखंड परिवहन निगम कोटद्वार डिपो के सहायक प्रबंधक टीकाराम आदित्य ने बताया कि मैदानी क्षेत्रों के लिए कोटद्वार से 45 से अधिक बसों का संचालन किया जाता है। यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अतिरिक्त बसें भी संचालित करवाई जा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *