ऋषिकेश()। इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड के पदाधिकारी शुक्रवार को परमार्थ निकेतन पहुंचे। उन्होंने परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती से भेंटवार्ता की। अधिकारियों ने भारत के ऊर्जा क्षेत्र की प्रगति, वैश्विक नेतृत्व और आने वाले वर्षों की आकांक्षाओं पर महत्वपूर्ण विचार साझा किए गए। इस दौरान स्वामी चिदानंद सरस्वती ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व तथा केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी के कुशल मार्गदर्शन में भारत का ऊर्जा क्षेत्र अभूतपूर्व उपलब्धियों के साथ आगे बढ़ रहा है। आज भारत सिर्फ उपभोक्ता राष्ट्र नहीं, बल्कि ऊर्जा परिवर्तन, नवाचार और स्वच्छ ऊर्जा अपनाने के वैश्विक मार्ग का नेतृत्व कर रहा है। कहा कि भारत आज विश्व का तीसरा सबसे बड़ा ऊर्जा उपभोक्ता होते हुए भी ऊर्जा संक्रमण में सबसे तेज और सबसे संतुलित प्रगति कर रहा है। भारत ने एथेनॉल ब्लेंडिंग के लक्ष्य निर्धारित समय से पहले प्राप्त कर इतिहास रच दिया है। कहा कि ऊर्जा क्षेत्र में यह परिवर्तन केवल आर्थिक नहीं, बल्कि पर्यावरणीय, सामाजिक और राष्ट्रीय दृढ़ता का प्रतीक है। कहा कि भारत की उन्नति का मार्ग केवल आर्थिक शक्ति नहीं, बल्कि पर्यावरणीय संतुलन, सांस्कृतिक समृद्धि और आध्यात्मिक चेतना से होकर गुजरता है। ऊर्जा क्षेत्र इस समन्वय का सुंदर और शक्तिशाली माध्यम है। आईओसीएल टीम ने भी अपनी सीएसआर कार्यों, ग्रीन मिशनों और राष्ट्रीय योगदान पर विस्तृत जानकारी साझा करते हुये कहा कि भारत, विश्व में उभरती ऊर्जा महाशक्ति है। आज भारत हर क्षेत्र में जिस गति से आगे बढ़ रहा है, वह अद्भुत और प्रेरणादायक है। मौके पर आईओसीएल के कार्यकारी निदेशक के शैलेन्द्र, मुख्य महाप्रबंधक उत्तरप्रदेश वनीत बंसल, उत्तराखंड प्रमुख स्वर्ण सिंह, महाप्रबंधक, उत्तर प्रदेश राहुल दीक्षित, जिला नोडल अधिकारी हरिद्वार एवं पौड़ी गढ़वाल मयंक कुमार आदि उपस्थित रहे।