नईदिल्ली,। भारत ने दुनियाभर में रहने वाले चीनी नागरिकों के लिए पर्यटन वीजा खोला दिया है। हालांकि, इसको लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
रिपोर्ट ने मामले से जुड़े लोगों के हवाले से बताया कि इस हफ़्ते की शुरुआत में भारतीय दूतावासों और वाणिज्य दूतावासों में चीन के नागरिकों के लिए पर्यटन वीजा खोल दिए गए है। चीनी नागरिक तमाम देशों के भारतीय मिशनों और वाणिज्य दूतावासों से आवेदन कर रहे हैं।
इससे पहले भारत ने इस साल जुलाई में चीनी नागरिकों के लिए पर्यटन वीजा दोबारा से शुरू किया। हालांकि, तब वे सिर्फ बीजिंग स्थित भारतीय दूतावास और शंघाई, गुआंगझोउ, हांगकांग स्थित वाणिज्य दूतावासों में आवेदन कर सकते थे। अब दुनियाभर से आवेदन कर सकेंगे।
रिपोर्ट के मुताबिक, पर्यटन वीजा जारी करने की शुरूआत तब हुई, जब हाल में दोनों देशों ने संबंधों को स्थिर और पुनर्निर्माण करने के लिए कई ‘जन-केंद्रित कदमों’ पर सहमति व्यक्त की है। अक्टूबर में दोनों देशों के बीच उड़ानें शुरू करने का निर्णय लिया गया था, जो पिछले 5 साल से बंद थी। पहली उड़ान 9 नवंबर को शंघाई से नई दिल्ली पहुंची थी, जबकि 26 अक्टूबर को कोलकाता से गुआंगझोउ के बीच इंडिगो की उड़ान रवाना हुई थी।
जून 2020 में पूर्वी लद्दाख की गलवान घाटी में भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच घातक झड़प के बाद दोनों देशों के बीच संबंध तनावपूर्ण हो गए थे। 9 जुलाई, 2024 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच रूस के कजान में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान द्विपक्षीय वार्ता हुई, जिससे संबंधों में नरमी आई। इसके बाद कैलाश मानसरोवर यात्रा, वीजा सुविधा, उड़ान सेवा शुरू हुई और राजनयिक संबंधों की 75वीं वर्षगांठ का स्मरणोत्सव मनाया गया।