विकासनगर()। चकराता विधानसभा के भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक बुधवार को ब्लॉक मुख्यालय के सभागार में हुई। बैठक में हर घर स्वदेशी, घर-घर स्वदेशी अभियान के माध्यम से भारत को आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया गया। कार्यकर्ताओं ने स्वदेशी अभियान की सफलता के लिए वृहद स्तर पर जागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया। बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष रामशरण नौटियाल ने कहा कि देश में तैयार वस्तुओं का प्रयोग होगा तो देश में उत्पादन बढ़ेगा। देश अधिक उन्नति की ओर जाएगा तथा अपने देश के लोगों को रोजगार मिलेगा। उन्होंने कहा कि इससे देश आत्मनिर्भर होगा और हम किसी दूसरे देश पर निर्भर नहीं होंगे। यह संभव है जब हम ज्यादा से ज्यादा अपने देश में तैयार वस्तुओं को खरीद कर उनका प्रयोग करें। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चौहान ने कहा कि स्वदेशी सिर्फ आर्थिक विचार नहीं, बल्कि भारत की आत्मा और सांस्कृतिक पहचान है। युवा व महिला मोर्चा के सम्मेलन आयोजित कर स्वदेशी सामान खरीदने का जन जागरण अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान जिलाध्यक्ष मीता सिंह, दायित्वधारी गीता राम गौड़, दिनेश शर्मा, प्रताप चौहान, रविता चौहान, निर्मला राजगुरु, रितेश असवाल, दिनेश तोमर आदि मौजूद रहे।