नईदिल्ली,इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में विश्व भर के दिग्गज गेंदबाज शिरकत करते हैं। यही कारण है कि इस टी-20 लीग में बल्ले और गेंद के बीच कठिन संघर्ष देखने को मिलता है। लीग इतिहास में भी कई गेंदबाजों ने उम्दा प्रदर्शन करते हुए टीम को खिताब जिताए हैं। आईपीएल 2026 में भी कई विश्व स्तरीय गेंदबाज नजर आने वाले हैं। इस बीच आईपीएल के एक संस्करण में सर्वाधिक विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाजों के बारे में जानते हैं।
हर्षल पटेल ने आईपीएल के 2021 संस्करण में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की ओर से एक अनकैप्ड गेंदबाज के रूप में खेलते हुए सबसे ज्यादा 32 विकेट अपने नाम किए थे। उन्होंने 15 मैचों में 14.34 की औसत और 8.14 की इकॉनमी रेट के साथ ये सफलताएं हासिल की थी। वह आईपीएल इतिहास में 30 से अधिक विकेट लेने वाले 3 गेंदबाजों में से एक हैं। ड्वेन ब्रावो (32 विकेट, 2013) और कगिसो रबाडा (30 विकेट, 2020) अन्य गेंदबाज हैं।
आईपीएल 2023 में गुजरात टाइटंस की टीम उपविजेता रही थी और उस संस्करण में मोहम्मद शमी को पर्पल कैप मिली थी। इस तेज गेंदबाज ने 2023 संस्करण में 17 मैचों में 18.64 की औसत और 8.03 की इकॉनमी रेट के साथ कुल 28 विकेट लिए थे। इस बीच उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 11 रन देकर 4 विकेट लेना रहा था। वह सीएसके के खिलाफ फाइनल में कोई विकेट नहीं ले सके थे।
मोहित शर्मा ने आईपीएल 2023 में 14 मैचों में 13.37 की औसत और 8.17 की इकॉनमी रेट से 27 विकेट लिए थे। इस बीच उन्होंने 1 मैच में 5 विकेट लेने का कारनामा भी किया था। मोहित को गुजरात टाइटंस ने आईपीएल 2023 से पहले हुई नीलामी में 50 लाख रुपये में खरीदा था। दिलचस्प रूप से वह 2022 में गुजरात टाइटंस के साथ नेट गेंदबाज के तौर पर जुड़े हुए थे।
मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2020 का खिताब अपने नाम किया था। मुंबई इंडियंस के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने उपयोगी योगदान दिया था। उन्होंने उस संस्करण में 15 मैचों में 14.96 की औसत और 6.73 की इकॉनमी रेट से कुल 27 विकेट लिए थे। इसी तरफ आईपीएल 2022 में युजवेंद्र चहल ने 17 मैचों में 19.52 की औसत और 7.75 की इकॉनमी रेट के साथ 27 विकेट चटकाए थे। उस सीजन में उन्हें पर्पल कैप मिली थी।