सत्र के पहले शॉटगन विश्व कप के लिए तैयार हैं भारतीय निशानेबाज

Spread the love

टैंगियेर (मोरक्को), इस साल के आखिर में होने वाले एशियाई खेलों और विश्व चैंपियनशिप को ध्यान में रखते हुए निशानेबाज भौनीश मेंदिरत्ता पेरिस ओलंपिक की निराशा को भुलाकर आईएसएसएफ शॉटगन विश्व कप में भारतीय टीम का नेतृत्व करते हुए इस साल की शानदार शुरुआत करने की कोशिश करेंगे.
ट्रैप निशानेबाज भौनीश ने पेरिस ओलंपिक के लिए भारत का पहला कोटा हासिल किया था, लेकिन वह ट्रायल्स में चूक गए थे. वह टैंजियर में शानदार शुरुआत करने के लिए प्रतिबद्ध होंगे, क्योंकि 2028 में लॉस एंजेलिस में होने वाले ओलंपिक खेलों के लिए क्वालीफाइंग चक्र इस साल शुरू हो रहा है.
विश्व कप के लिए भारत पुरुष और महिला दोनों वर्गों में ट्रैप और स्कीट के लिए 12 सदस्यीय टीम और दो ट्रैप मिश्रित टीमें भी भेज रहा है, जिनकी मदद के लिए विदेशी कोच, फिजियोथेरेपिस्ट और मनोवैज्ञानिक भी साथ में होंगे. भारत के शीर्ष ट्रैप निशानेबाज जोरावर सिंह संधू को हालांकि टीम में जगह नहीं मिल पाई है.
जोरावर पिछले साल विश्व चैंपियनशिप में पदक जीतने वाले तीसरे भारतीय बने थे. यह 46 वर्षीय निशानेबाज वर्तमान में अंतरराष्ट्रीय निशानेबाजी खेल महासंघ (आईएसएसएफ) की विश्व रैंकिंग में चौथे स्थान पर हैं, लेकिन उन्हें एशियाई खेलों के लिए टीम में जगह बनाने के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है. एशियाई खेलों के लिए टीम में जगह बनाने के लिए विश्व कप में खेलना अनिवार्य होता है.
पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बावजूद भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ को मोरक्को में भारतीय दूतावास से हरी झंडी मिलने के बाद टीम इस प्रतियोगिता में भाग लेगी. हालांकि, कागजों में भौनीश को छोड़कर टीम काफी साधारण नजर आती है.
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर व्यक्तिगत कांस्य पदक जीतना अपने करियर की सबसे बड़ी उपलब्धि मानने वाले 38 वर्षीय ओलंपियन ट्रैप शूटर पृथ्वीराज टोंडाइमन पेरिस खेलों में 21वें स्थान पर रहे, जबकि उनके साथी ट्रैप शूटर किनान चेनाई की शीर्ष उपलब्धियों में एशियाई चैंपियनशिप में जीता गया व्यक्तिगत कांस्य पदक शामिल है.
इस प्रतियोगिता में 43 देशों के 271 निशानेबाज भाग लेंगे और ऐसे में भारत को कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ेगा. महिला ट्रैप स्पर्धा में ओलंपियन राजेश्वरी कुमारी भारत की सबसे अनुभवी निशानेबाजों में से एक हैं, लेकिन पिछले कुछ वर्षों में उनके परिणाम बताते हैं कि वह अभी तक अगले स्तर तक नहीं पहुंच पाई हैं. उन्होंने पेरिस ओलंपिक खेलों में 22वां स्थान हासिल किया था. उन्होंने 2021 में विश्व कप में मिश्रित टीम स्पर्धा में एक स्वर्ण और एक रजत पदक जीता था.
भारतीय टीम इस प्रकार है:
ट्रैप :
पुरुष: पृथ्वीराज टोंडाइमन, किनान चेनाई, भौनीश मेंदीरत्ता।
महिला: कीर्ति गुप्ता, राजेश्वरी कुमारी, आशिमा अहलावत।
स्कीट:
पुरुष: मान सिंह, ज्योतिरादित्य सिंह सिसौदिया, परमपाल सिंह।
महिला: यशस्वी राठौड़, दर्शना राठौड़, माहेश्वरी चौहान।
मिश्रित टीम: पृथ्वीराज टोंडाइमन और कीर्ति गुप्ता; किनान चेनाई और राजेश्वरी कुमारी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *