रुद्रपुर। झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार ने ग्राम बरा में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी प्रसाद गंगवार के फार्म हाउस पर स्थापित लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा का अनावरण किया। पर उन्होंने कहा कि वर्तमान में खाड़ी देशों के घटनाक्रम को लेकर भारत ने संतुलित व्यवहार और विचार प्रस्तुत किया है। शनिवार को आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि गंगवार ने कहा कि सरदार पटेल ने अदम्य साहस, दृढ़ इच्छाशक्ति और अद्वितीय दूरदर्शिता के बल पर स्वतंत्र भारत को एकता के सूत्र में पिरोया। उन्होंने 500 से अधिक रियासतों का विलय कर देश की अखंडता को मजबूत किया, जो विश्व इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की भूमि त्याग, तपस्या और राष्ट्रभक्ति की भावना से ओत-प्रोत रही है। यहां स्थापित सरदार पटेल की प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देगी। हमें जाति, संप्रदाय, भाषा और क्षेत्रीय भेदभाव से ऊपर उठकर राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखना चाहिए। गंगवार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को साकार करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं, जो सरदार पटेल के आदर्शों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी प्रसाद गंगवार ने मुख्य अतिथि संतोष गंगवार को स्मृति चिह्न देकर सभी अतिथियों का आभार जताया। समारोह में यूपी कैबिनेट मंत्री राकेश सचान, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय गंगवार, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष रेनू गंगवार, सुरेश गंगवार सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।