एशिया कप 2025 के लिए भारत की टीम, शेड्यूल, इतिहास और अन्य प्रमुख जानकारी

Spread the love

नईदिल्ली, एशिया कप का अगला संस्करण टी-20 प्रारूप में 9 सितंबर से खेला जाएगा, जिसमें भारतीय क्रिकेट टीम की कप्तानी सूर्यकुमार यादव करेंगे। भारतीय टीम के युवा बल्लेबाज शुभमन गिल को उपकप्तान की जिम्मेदारी सौपीं गई है। संयुक्त अरब अमीरात में होने वाले आगामी संस्करण के लिए भारतीय टीम खिताब की प्रबल दावेदार मानी जा रही है। इस बीच टूर्नामेंट के लिए भारतीय टीम, शेड्यूल, इतिहास और अन्य प्रमुख जानकारी पर एक नजर डालते हैं।
भारतीय टीम में यशस्वी जायसवाल और श्रेयस अय्यर को नहीं चुना गया है, जबकि जसप्रीत बुमराह को शामिल किया गया है। भारतीय टीम: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल, अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा, रिंकू सिंह, हार्दिक पांड्या, और जितेश शर्मा प्रसिद्ध कृष्णा, वाशिंगटन सुंदर, रियान पराग, ध्रुव जुरेल और जायसवाल को स्टैंडबाई खिलाड़ियों के तौर पर चुना गया है।भारतीय टीम ग्रुप-ए में पाकिस्तान, ओमान और यूएई के साथ मौजूद है। सूर्यकुमार के नेतृत्व वाली टीम 10 सितंबर को यूएई के खिलाफ मैच से अपने अभियान की शुरुआत करेगी। इसके बाद 14 सितंबर को भारतीय टीम के सामने सलमान आगा की कप्तानी वाली पाकिस्तानी टीम होगी। आखिर में 19 सितंबर को ओमान के विरुद्ध भारतीय टीम अपना आखिरी ग्रुप मैच खेलेगी। प्रत्येक ग्रुप से शीर्ष-2 टीमें अगले चरण में प्रवेश करेंगी।
अब तक 2 एशिया कप टी-20 प्रारूप में खेले गए हैं, जिसमें से 1 में भारतीय टीम विजेता बनी थी। महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में 2016 में खेले एशिया कप को भारत ने जीता था। खिताबी मुकाबले में भारत ने बांग्लादेश को 8 विकेट से हराया था। इसके बाद 2022 में रोहित शर्मा की कप्तानी में खेलते हुए भारतीय टीम सुपर-4 चरण से भी आगे नहीं बढ़ सकी थी।
एशिया कप इतिहास की सबसे सफल टीम भारत ने कुल 8 खिताब जीते हैं। 2016 में टी-20 प्रारूप के अलावा 1984, 1988, 1990-91, 1995, 2010, 2018, और 2023 में वनडे प्रारूप में भारतीय टीम विजेता बनी थी।
विराट कोहली टी-20 प्रारूप में हुए एशिया कप में सर्वाधिक रन वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने 9 पारियों में 85.80 की औसत और 132.00 की स्ट्राइक रेट के साथ 429 रन बनाए हैं। उन्होंने 1 शतक और 3 अर्धशतक लगाए थे। रोहित शर्मा ने 9 पारियों में 30.11 की औसत और 141.14 की स्ट्राइक रेट से 271 रन बनाए थे, जिसमें 2 अर्धशतक शामिल थे। सूर्यकुमार ने 5 पारियों में 34.75 की औसत से 139 रन बनाए थे।
भुवनेश्वर कुमार टी-20 प्रारूप में हुए एशिया कप में सर्वाधिक विकेट लेने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने 6 पारियों में 9.46 की औसत और 9.46 की इकॉनमी रेट से 13 विकेट लिए। उन्होंने 1 पारी में 5 विकेट हॉल भी लिया है। हार्दिक पांड्या ने 8 मैचों में 18.81 की औसत और 7.01 की इकॉनमी रेट के साथ 11 सफलताएं हासिल की हैं। जसप्रीत बुमराह ने 5 मैचों में 15.66 की औसत से 6 विकेट लिए हैं।
००

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *