नई दिल्ली ,। टेक्सास की राजधानी ऑस्टिन में रविवार तड़के हुई गोलीबारी में भारतीय मूल की 21 वर्षीय छात्रा सविता शान समेत 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 14 अन्य घायल हो गए। अमेरिकी अधिकारियों ने मृतकों में शान की पहचान की पुष्टि की है।
पुलिस के मुताबिक 53 वर्षीय हमलावर नडियागा डियाग्ने, जो सेनेगल मूल का अप्रवासी था, ने शहर के एक बीयर गार्डन के बाहर अपनी कार खड़ी की और आंगन में बैठे लोगों पर पिस्टल से अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद वह कार से बाहर निकला और राहगीरों पर राइफल से गोलीबारी की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसे मौके पर ही मार गिराया।
अधिकारियों के अनुसार, हमलावर ने ईरानी झंडे वाली टी-शर्ट और धार्मिक संदेश लिखी शर्ट पहन रखी थी। एफबीआई के कार्यवाहक विशेष एजेंट एलेक्स डोरान ने कहा कि हमलावर के संभावित आतंकी संबंधों की जांच की जा रही है।
एफबीआई निदेशक काश पटेल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्सÓ पर जानकारी दी कि आतंकवाद-रोधी और खुफिया टीमों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। हाल ही में अमेरिका और इज़राइल द्वारा ईरान पर सैन्य कार्रवाई शुरू किए जाने के बाद देशभर में सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया गया है।
टेक्सास विश्वविद्यालय के अध्यक्ष जिम डेविस ने कैंपस समुदाय को भेजे ईमेल में शान की मौत पर शोक जताया। उन्होंने कहा कि वह एक प्रतिभाशाली छात्रा थीं, जो दुनिया में सकारात्मक बदलाव लाने का सपना देख रही थीं।