छात्राओं को दी स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बारे में जानकारी

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी। भारत की स्वतंत्रता के 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर आजादी का अमृत महोत्सव के तहत सोमवार को जनपद मुख्यालय में संस्कृति विभाग के तत्वाधान में एजेन्सी स्थित शहीद स्मारक में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज पौड़ी की बालिकाओं को भ्रमण कर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।
संस्कृति विभाग के प्रेमचंद ध्यानी ने शहीद स्मारक में उपस्थित बालिकाओं को स्वतंत्रता सेनानियों की जानकारी देते हुए कहा कि ब्रिटिश हुकूमत से आजादी हासिल करने के लिए सन् 1857 से लेकर सन 1947 तक कई जन आंदोलन चले, जिन्होंने देश को आजादी दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि सन् 1857 का विद्रोह मेरठ से सैन्य कर्मियों के विरोध से शुरू हुआ था और यह तेजी से कई राज्यों में फैल गया। पहली बार ब्रिटिश शासन को सेना की ओर से गंभीर चुनौती मिली। यह निश्चित रूप से एक लोकप्रिय क्रांति थी, जिसमें भारतीय शासक, जनसमूह किसान तथा नागरिक सेना शामिल थी। उन्होंने कहा कि लोगों ने इसमें उत्साह से भाग लिया। इस विद्रोह को इतिहासकारों ने भारतीय स्वतंत्रता का पहला संग्राम कहा। साथ ही उन्होंने बालिकाओं को अन्य जानकारी भी दी। इस अवसर पर नवीन भट्ट, राजेंद्र खंकरियाल, विनीत गिरी सहित अन्य उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *