श्रीनगर गढ़वाल। विकासखंड खिर्सू की न्याय पंचायत देवलगढ़ के अंतर्गत ग्राम फरासू में विकसित कृषि संकल्प अभियान के तहत कृषक संवाद गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी का मुख्य उद्देश्य किसानों को वैज्ञानिक खेती, उन्नत कृषि तकनीकों एवं विभागीय योजनाओं की जानकारी देकर आत्मनिर्भर बनाना रहा। गोष्ठी में कृषि एवं भूमि संरक्षण अधिकारी राम नरेश गुलेरिया ने किसानों को विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई। उन्होंने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि विभागीय योजनाओं से किसान अधिक से अधिक लाभ उठा सकते हैं। उन्होंने किसानों को फसल विविधीकरण, सतत खेती और वैज्ञानिक पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। गोष्ठी में उपस्थित विशेषज्ञों एवं अधिकारियों द्वारा किसानों को उन्नत बीजों के चयन, उत्पादन वृद्धि के उपाय, कीट एवं रोग नियंत्रण, तथा मृदा संरक्षण तकनीकों की विस्तृत जानकारी दी गई। इसके साथ ही कृषि, उद्यान, पशुपालन, मत्स्य तथा भूमि संरक्षण विभाग की योजनाओं और अनुदानों से किसानों को अवगत कराया गया। कार्यक्रम में स्थानीय किसानों की उत्साहपूर्ण भागीदारी रही। इस मौके पर क्षेत्रीय वैज्ञानिक, विभागीय अधिकारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।