जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कोटद्वार में आयोजित 12 दिवसीय उद्यमिता विकास कार्यक्रम में विद्यार्थियों को ओएनडीसी एवं व्यवसाय योजना तैयार करने के साथ ही डिजिटल मार्केटिंग की जानकारी दी गई।
सातवें दिन की कार्यशाला का शुभारंभ महाविद्यालय की प्रभारी प्राचार्य प्रो. वसंतिका कश्यप, देवभूमि उद्यमिता केंद्र के नोडल अधिकारी डॉ. एसके गुप्ता व कार्यक्रम समन्वयक मनीष राणा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। प्रथम एवं द्वितीय सत्र में रूरल बिजनेस इनक्यूबेटर से जुड़े मार्केटिंग एक्सपर्ट रितेश केष्टवाल द्वारा ओपन नेटवर्क फोर डिजिटल कॉमर्स (ओ.एन.डी.सी.) जैसे एमेजॉन, माई स्टोर, जियो हार्ट आदि में रजिस्ट्रेशन एवं बिजनेस करने का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में उन्होंने डिजिटल एडवरटाइजिंग, डिजिटल मार्केटिंग, जी.एस.टी एवं गूगल बिजनेस के बारे में भी छात्र-छात्राओं से विस्तार से चर्चा की। तृतीय एवं चतुर्थ सेशन में देवभूमि उद्यमिता टीम की सदस्य डॉ. सरिता चौहान द्वारा व्यवसाय योजना तैयार करने तथा व्यवसाय में विभिन्न एजेंसियों की भूमिका एवं सरकारी योजनाओं को गहनता से समझाया गया। उन्होंने व्यवसाय योजना करते समय आत्म मूल्यांकन, उपयुक्त परियोजना की पहचान, व्यवसाय शुरू करने के लिए मूलभूत आवश्यकताएं तथा विभिन्न एजेंसियों के बारे में विस्तार से बताया। इस अवसर पर महाविद्यालय की प्रभारी प्राचार्य प्रो. वसंतिका कश्यप द्वारा रिसोर्स पर्सन रितेश केष्टवाल को स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। इस मौके पर डॉ. सुनीता नेगी, डॉ. प्रियंका अग्रवाल, डॉ. सरिता चौहान, डॉ. मीनाक्षी वर्मा, डॉ. मुकेश रावत एवं देवभूमि उद्यमिता टीम के छात्र सदस्यों मोहम्मद मुदस्सिर, राधिका बंसल, महिमा अग्रवाल, ध्रुव कुकरेती, तनीषा ठाकुर प्रियांशु नेगी, मोहित सैनी, श्वेता, कार्तिक खंतवाल, अक्षित नेगी मौजूद रहे।