पंचायती राज व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाने दिया जनप्रतिनिधियों को प्रशिक्षण
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : विकासखंड कल्जीखाल के अंतर्गत नौ न्याय पंचायत स्तर पर निर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों के लिए पांच दिवसीय पशिक्षण कार्यक्रम सम्पन्न हो गया है। प्रशिक्षण 8 दिसंबर से प्रारंभ हुआ था जो कि 4 जनवरी को न्याय पंचायत पांचाली में सम्पन्न हो गया। यह प्रशिक्षण पंचायती राज विभाग उत्तराखंड के दिशा निर्देशन में बाल कल्याण महिला शिक्षा प्रचार-प्रसार समिति ऊधम सिंह नगर द्वारा संचालित किया गया है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान पंचायत प्रतिनिधियों को पंचायत की कार्यप्रणाली, विकास योजनाओं का क्रियान्वयन, वित्तीय प्रबंधन, समाजिक न्याय एवं पारदर्शिता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी दी। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य निर्वाचित प्रतिनिधियों को उनके दायित्वों के प्रति जागरूक करना एवं उन्हें प्रभावी नेतृत्व के लिए सक्षम बनाना था। प्रशिक्षण मास्टर ट्रेनर कुलदीप बिष्ट, रोहित बिष्ट ने दिया। प्रशिक्षण में सहयोग ब्लॉक कोऑर्डिनेटर निशा रावत ने किया। इस मौके पर पीएलवी जगमोहन डांगी ने नव निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पौड़ी द्वारा नि:शुल्क विधिक सेवाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पंचायती राज एक्ट के तहत ग्राम पंचायत सबसे छोटी पंचायत इकाई मानी जाती है, लेकिन उसके संवैधानिक अधिकार बहुत सशक्त है। बशर्ते जनप्रतिनिधियों को उसका ज्ञान होना चाहिए। प्रधान मदन सिंह रावत ने बताया कि पंचायती राज व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में एक सराहनीय कदम है। पहली बार समय पर जनप्रतिनिधियों को प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जो सहारणीय कदम है। इस अवसर पर ग्राम पंचायत अधिकारी कुलबेंद्र सिंह राणा ने सभी जनप्रतिनिधियों को गांव के सर्वांगीण विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। इस मौके पर प्रधान मदन सिंह रावत, अशोक रावत, श्रीमती गीता देवी, श्रीमती अर्चना देवी, ममता नेगी, रेनू कबटियाल, श्रीमती संगीता देवी आदि मौजूद थे।