जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : दुगड्डा ब्लाक के पीएम श्री अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज बल्ली में गणित, साइबर सुरक्षा और सड़क सुरक्षा पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि नारायण सिंह नेगी ने गणित का महत्व बताया, जबकि सब इंस्पेक्टर ने साइबर अपराध और सुरक्षा उपायों पर जानकारी दी। इस कार्यक्रम में विद्यालय परिवार के सदस्य भी शामिल हुए।
दुगड्डा ब्लाक के पीएम श्री अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज बल्ली में शुक्रवार को गणित सर्कल, साइबर सुरक्षा एवं सड़क सुरक्षा पर एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का आरंभ मुख्य अतिथि पूर्व प्रधानाचार्य नारायण सिंह नेगी व वर्तमान प्रधानाचार्य युगजीत सेमवाल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। गणित सर्कल के अंतर्गत गणित क्विज, सुडोकू, मध्य गेम और स्मृति परीक्षण का आयोजन किया गया। गणित विशेषज्ञ के तौर पर मौजूद मुख्य अतिथि विद्यालय के भूतपूर्व प्रधानाचार्य नारायण सिंह नेगी ने छात्र-छात्राओं को गणित विषय का महत्व, दैनिक जीवन में उपयोग एवं विषय की रोचकता से अवगत कराया। वहीं आर. के. बौंठियाल द्वारा गणित विषय को किस प्रकार से रुचिकर बनाया जाए एवं छात्र-छात्राएं खेल-खेल में गणित विषय को कैसे समझ सकते हैं, विषय पर व्याख्यान दिया गया। साइबर एवं सड़क सुरक्षा पर जानकारी देते हुए सब इंस्पेक्टर सुमनलता एवं सब इंस्पेक्टर किशन दत्त शर्मा ने साइबर सुरक्षा एवं सड़क सुरक्षा विषय से संबंधित जानकारी छात्र-छात्राओं को दी। उन्होंने आजकल होने वाले विभिन्न प्रकार के साइबर क्राइम, साइबर ठगी और उससे बचने के उपाय भी छात्र-छात्राओं को बताए।