जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : ‘गुलदार कु दगड्या’ विषय पर पब्लिक इंटर कालेज सुरखेत में कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसमें विद्यार्थियों को गुलदार के साथ ही अन्य जंगली जानवरों से बचाव की जानकारी दी गई।
बुधवार को विद्यालय में कार्यशाला का आयोजित किया गया। कार्यशाला में प्रधानाचार्य पुष्कर सिंह नेगी ने विद्यार्थियों को वन्य जीव सप्ताह के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वर्ष दो से आठ अक्टूबर तक मनाए जाने वाले वन्य जीव सप्ताह का उद्देश्य वन्य जीवों के संरक्षण, मनुष्य और वन्य जीवों के बीच बेहतर व्यवस्थाओं को बनाना है। इस वर्ष के वन्य जीव सप्ताह का मुख्य विषय मानव वन्य जीव सह-अस्तित्व है। विलुप्त होने वाले जीव-जंतुओं की प्रजाति को बचाने के लिए भारतीय वन्यजीव बोर्ड की ओर से 1952 से यह सप्ताह मनाया जा रहा है। विद्यालय के सेवित गांवों धरासू, ढंगसोली, कुलोड़ीधार में इन दिनों गुलदार की चहलकदमी बढ़ने व पशुओं और मनुष्यों पर हमला करने की बढ़ती घटनाओं के दृष्टिगत छात्र-छात्राओं को जानकारी दी गई। कहा कि अपने घर व स्कूल मार्ग पर झाड़ियों का कटान करते रहे। कहा कि हम जंगली जानवरों का स्वभाव नहीं बदल सकते हैं, लेकिन अपनी दिनचर्या में कुछ सावधानियां बरत कर मानव-वन्यजीव संघर्ष को रोक सकते हैं।