चमोली : अपराधों की रोकथाम, युवाओं को सही दिशा देने एवं महिलाओं की सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से शुक्रवार को लंगासू उत्तरों में पुलिस ने जनजागरूकता अभियान आयोजित किया। इस दौरान चौकी प्रभारी अमनदीप सिंह ने ग्रामवासियों तथा उच्च माध्यमिक विद्यालय उत्तरों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को साइबर अपराध, नशा मुक्ति, यातायात नियमों के पालन एवं महिला सुरक्षा आदि विषयों पर जानकारी दी। ग्रामीणों को बताया गया कि वर्तमान डिजिटल युग में साइबर ठगी, फर्जी कॉल, ओटीपी फ्रॉड एवं सोशल मीडिया अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं, जिनसे बचने के लिए सतर्कता और जागरूकता ही सबसे बड़ा हथियार है। विद्यालय में विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए बताया गया कि नशा न केवल स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि भविष्य और परिवार को भी अंधकार की ओर ले जाता है। साथ ही यातायात नियमों के पालन को जीवन सुरक्षा से जोड़ते हुए हेलमेट, सीट बेल्ट एवं निर्धारित गति सीमा का पालन करने का संदेश दिया गया। इसी क्रम में उपनिरीक्षक संदीप देवरानी द्वारा राजकीय बालिका इंटरमीडिएट कॉलेज थराली में छात्राओं के साथ संवाद स्थापित कर उन्हें महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव, नशे से दूर रहने एवं आत्म-सुरक्षा के विषय में जागरूक किया गया। छात्राओं को निर्भीक होकर अपनी समस्याएं साझा करने, किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ या असहज स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना देने तथा महिला हेल्पलाइन एवं आपातकालीन नंबरों की जानकारी दी गई। (एजेंसी)