जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : अफसर बिटियां कार्यक्रम के तहत द्वारीखाल में कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसमें बेटियों को उनके अधिकारों की जानकारी दी गई। कहा कि आज बेटियां देश के कई बड़े पदों पर पहुंचकर देश सेवा में अपना योगदान दे रही हैं।
बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम के तहत आयोजित अफर बिटियां कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्राओं ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य रमाकांत डबराल ने जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कहा कि वर्तमान समय में बालिकाएं प्रत्येक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं। उन्होंने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की सीख दी। बाल विकास परियोजना अधिकारी प्रीति अरोड़ा ने विभाग की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। जिसमें नंदा गौरा योजना, बाल विवाह प्रतिषेध, महिला सुरक्षा एवं घरेलू हिंसा से संबंधित प्रावधानों के बारे में अवगत कराया गया। कहा कि बालिकाओं को शिक्षित एवं सशक्त बनाना समाज के समग्र विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। स्वास्थ्य विभाग से डॉ. अनुकृति गुसाईं ने बालिकाओं को स्वास्थ्य, पोषण, व्यक्तिगत स्वच्छता एवं कन्या भ्रूण हत्या जैसे महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी। अधिवक्ता लक्ष्मी रावत ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020, शिक्षा का अधिकार अधिनियम व बालिकाओं के कानूनी अधिकारों के बारे में बताया। कार्यक्रम में निबंध, पेंटिंग, कविता सहित अन्य प्रतियोगिताओं में अव्वल रहने वाले बालिकाओं को भी सम्मानित किया गया। इस मौके पर सुपरवाइजर गीता सैलानी, कनिष्ठ सहायक राकेश सिंह, एएनएम जितेंद्र रावत आदि मौजूद रहे।