रुद्रप्रयाग : भारतीय उद्यमिता विकास संस्थान अहमदाबाद एवं रेल विकास निगम के संयुक्त सहयोग से मंगलवार को दो दिवसीय उद्यमिता जागरूकता प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इसमें महिलाओं को स्वरोजगार का प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनने पर जोर दिया गया। बच्छणस्यूं क्षेत्र के खांकरा में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए निवर्तमान प्रधान खांकरा कैलाश ने कहा कि प्रशिक्षण लेकर महिलाएं अपना स्वयं का स्वरोजगार स्थापित कर सकेंगी। ऋषिकेश कर्णप्रयाग रेल लाइन प्रभावित गांव खांकरा के लिए यह गौरव की बात है। भारतीय उद्यमिता विकास संस्थान अहमदाबाद के परियोजना अधिकारी दिलीप सिंह ने प्रशिक्षण में परियोजना एवं उद्यमिता अवधारणा और महत्व के बारे में जानकारी दी। हिम्मत सिंह रौतेला ने नवाचार और बिजनेस आइडिया में महिलाओं को उद्यमी के आवश्यक गुण और रिस्क मैनेजमेंट की जानकारी दी। (एजेंसी)