अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर प्रेरणादायी महिलाओं को मिलेगा राज्य स्तरीय सम्मान

Spread the love

प्रत्येक जनपद से तीन वरिष्ठ महिलाओं के नाम आमंत्रित, देहरादून में होगा सम्मान समारोह
जयन्त प्रतिनिधि।
रूद्रप्रयाग : जिला प्रशासन रुद्रप्रयाग द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस (08 मार्च, 2026) के अवसर पर आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय कार्यक्रम हेतु जनपद से 60 वर्ष से अधिक आयु की प्रेरणा स्त्रोत वरिष्ठ महिलाओं के नाम आमंत्रित किए गए हैं। जनपद स्तर पर पारदर्शी चयन प्रक्रिया सुनिश्चित करने हेतु मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में चार सदस्यीय समिति गठित की जाएगी, जिसमें जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला परिवीक्षा अधिकारी तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी (सदस्य सचिव) शामिल रहेंगे। चयनित महिलाओं को देहरादून में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार इस वर्ष ऐसे वरिष्ठ महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा, जो वृद्धावस्था में भी सक्रिय, आत्मनिर्भर एवं समाज के विभिन्न क्षेत्रों की सामाजिक, आर्थिक, शैक्षिक, सांस्कृतिक, कृषि, उद्यमिता, लोकसेवा अथवा अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान दे रही हैं तथा अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी हुई हैं। प्रत्येक जनपद से कुल तीन महिलाओं का चयन किया जाएगा। इनमें एक महिला निम्न आय वर्ग, एक मध्यम आय वर्ग तथा एक उच्च आय वर्ग से चयनित की जाएगी। आय संबंधी किसी प्रकार का प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना आवश्यक नहीं होगा, बल्कि श्रेणी निर्धारण स्थानीय प्रशासन के आंकलन के आधार पर किया जाएगा। निर्धारित आयु सीमा के अनुसार पात्र महिला की न्यूनतम आयु 60 वर्ष होनी चाहिए (दिनांक 01 अप्रैल 2025 तक)। चयन के लिए यह आवश्यक है कि संबंधित महिला वर्तमान में सक्रिय भूमिका में कार्यरत हो, आत्मनिर्भर हो, समाज पर सकारात्मक प्रभाव रखती हो तथा स्थानीय स्तर पर विशिष्ट पहचान या उपलब्धि अर्जित कर चुकी हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *