जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : राजकीय महाविद्यालय रिखणीखाल में प्रदेश सरकार व ईडीआईआई अहमदाबाद की ओर से कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस दौरान युवाओं को स्वरोजगार से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया।
आयोजित कार्यशाला में मुख्य वक्ता ईडीआईआई अहमदाबाद के विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को स्वरोजगार से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। कहा कि युवाओं को जीवन में लक्ष्य तय कर आगे बढ़ना चाहिए। मुख्य वक्ता दिलीप सिंह कुशवाहा ने कहा कि विद्यार्थी स्वरोजगार की राह पर आगे बढ़कर बेहतर मुकाम हासिल कर सकते हैं। उन्होंने एक सफल उद्यमी के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। कहा कि व्यवसाय शुरु करने में कई चुनौतियां आ सकती है। लेकिन, इन चुनौतियों से लड़कर ही हम एक बेहतर उद्यमी बन सकते हैं। महाविद्यालय के प्राचार्य मनोज उप्रेती ने विद्यार्थियों को नौकरी मांगने वालों के बजाय नौकरी देने वाला बनने के लिए प्रेरित किया। कहा कि युवाओं का कौशल विकास ही देश और राज्य की प्रगति का मुख्य आधार है। नोडल अधिकारी डा. विपिन पंवार ने सरकार की ओर से स्वरोजगार के लिए चलाई जा रही योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कहा कि इन योजनाओं का लाभ उठाकर युवा बेहतर स्वरोजगार की ओर अपना कदम बढ़ा सकते हैं। डा. महेश चंद्र आर्य ने कार्यशाला के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कार्यशाला में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र भी दिए गए।