शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए निगम ने खोला आरआरआर केंद्र
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : आमजन को प्लास्टिक के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के साथ ही शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए नगर निगम की ओर से री-साइकिल, रीयूज, रीड्यूस (आरआरआर) केंद्र खोला गया है। इसके माध्यम से लोग अपने दफ्तर, घर व अन्य संस्थानों के प्लास्टिक कूड़े को आरआरआर केंद्र में जमा करवा सकते हैं।
नगर निगम की ओर से मालवीय उद्यान पार्क में 1380 प्लास्टिक की बोतल, दस हजार से अधिक प्लास्टिक रेपर व 1035 किलो इनर्ट वेस्ट से आरआरआर केंद्र का निर्माण करवाया गया है। नगर आयुक्त वैभव गुप्ता ने केंद्र का शुभारंभ करते हुए आमजन को इसके उपयोग के बारे में जानकारी दी। कहा कि शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाने के साथ ही आमजन को प्लास्टिक के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के लिए केंद्र का निर्माण करवाया गया है। सभी स्कूल, बैंक, कार्यालयों व घरों के साथ ही अन्य संस्थानों से निकलने वाले प्लास्टिक कूड़े को आरआरआर बैंक में जमा किया जा सकता है। जमा होने वाले कूड़े को पुन: रिसाइक्लिंग किया जाएगा। साथ ही इससे विभिन्न प्रकार की वस्तुएं भी बनाई जाएंगी। उन्होंने आमजन से शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाने में नगर निगम का सहयोग करने की भी अपील की।