रुद्रपुर()। ऊधमसिंह नगर में मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में शुक्रवार को डी-सीआरजी (एचआईवी-एड्स) कार्यक्रम की बैठक हुई। बैठक में एचआईवी-एड्स कार्यक्रम के तहत संचालित गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की गई और बाजपुर और सितारगंज में आईसीटीसी सेंटर के प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए। सीडीओ दिवेश शाशनी ने उच्च जोखिम समूह से आए सामुदायिक प्रतिनिधियों के साथ संवाद करते हुए उनके समुदाय के कल्याण के लिए किए जा रहे प्रयासों व भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने समुदाय आधारित हस्तक्षेपों को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया। बैठक में जिला क्षय नियंत्रण अधिकारी व जिला नोडल अधिकारी (एचआईवी-एड्स) कार्यक्रम ने एचआईवी जांच सेवाओं, परामर्श सुविधाओं व एंटी रेट्रोवायरल थेरेपी (एआरटी) दवाओं की उपलब्धता की जानकारी दी। सीडीओ के ओर से बाजपुर व सितारगंज में आईसीटीसी सेंटर खोले जाने को लेकर प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए और उच्च जोखिम समुदायों को आजीविका से जोड़ने के लिए क्षमता वर्धन कार्यक्रम संचालित करने पर भी बल दिया गया। बैठक में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरेन्द्र मलिक, डॉ. श्वेता दीक्षित (क्लस्टर कार्यक्रम प्रबंधक), डॉ. जयंत नंद जोशी (क्लिनिकल सर्विस ऑफिसर), आराधना श्रीवास्तव (डाटा व डॉक्यूमेंटेशन ऑफिसर), कृष्णा, आशा, पिंकी, ललित पंत व मुकेश सहित अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।