सीडीओ के निरीक्षण में 34 कर्मचारी गैरहाजिर, वेतन रोकने के निर्देश

Spread the love

बागेश्वर()। होली पर्व समाप्त होने के बाद भी सरकारी कार्यालयों में कर्मचारियों की लापरवाही सामने आई है। शुक्रवार को मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) ने विभिन्न विभागों के कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान 30 कार्यालयों में कुल 34 कर्मचारी अनुपस्थित मिले, जबकि सिंचाई विभाग के ईई और जिला युवा कल्याण अधिकारी समय पर कार्यालय नहीं पहुंचे। इस पर सीडीओ ने कड़ी नाराजगी जताते हुए सभी अनुपस्थित कर्मचारियों का वेतन रोकने और उनसे स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए। सीडीओ ने सबसे पहले अर्थ एवं संख्या अधिकारी कार्यालय का निरीक्षण किया, जहां सभी कर्मचारी उपस्थित मिले। इसके बाद जीआईएस सेल, बहुद्देशीय वित्त, कृषि, उद्यान, कृषि एवं भूमि संरक्षण, पंचस्थानी, बाल विकास, पशुपालन, पीआरडी, डेयरी, रीप परियोजना, उरेडा, मत्स्य, जिला पंचायत राज, ग्रामीण विकास विभाग, ब्लॉक कार्यालय बागेश्वर, लघु सिंचाई, सिंचाई उपखंड, लोनिवि, जल संस्थान, पीएमजीएसवाई, मुख्य शिक्षा अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी तथा समग्र शिक्षा कार्यालयों का निरीक्षण किया।निरीक्षण में सबसे अधिक आठ कर्मचारी लोक निर्माण विभाग से अनुपस्थित मिले। इसके अलावा लघु सिंचाई में छह, जीआईएस सेल में एक, बहुद्देशीय वित्त में दो, कृषि में दो, बाल विकास में एक, मत्स्य में दो, सिंचाई उपखंड में दो, सिंचाई खंड में दो, जल संस्थान में एक, पीएमजीएसवाई में तीन, मुख्य शिक्षा कार्यालय में एक, जिला शिक्षा कार्यालय में एक तथा समग्र शिक्षा में दो कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। सीडीओ ने इसे अनुशासनहीनता बताते हुए सख्त कार्रवाई के संकेत दिए हैं। निरीक्षण के बाद अनुपस्थित कर्मचारियों में हड़कंप मचा रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *