ब्लड बैंकों की व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश, पर्याप्त स्टॉक बनाए रखने पर जोर

Spread the love

अल्मोड़ा। जिला अस्पताल और बेस अस्पताल में संचालित ब्लड बैंकों के सुदृढ़ संचालन को लेकर जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई, जिसमें कार्यप्रणाली, उपलब्ध संसाधनों और रक्त की मांग-आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ब्लड बैंकों का संचालन व्यवस्थित और प्रभावी ढंग से सुनिश्चित किया जाए तथा आवश्यकता के अनुसार रक्त का पर्याप्त भंडार बनाए रखा जाए, ताकि आपात स्थिति में मरीजों को किसी प्रकार की कमी का सामना न करना पड़े। उन्होंने स्पष्ट किया कि मरीजों को समय पर और सहज रूप से रक्त उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। रेडक्रॉस सोसाइटी के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि रक्तदान जैसे सामाजिक कार्य में सभी को सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए और आपसी सहयोग से व्यवस्थाओं को मजबूत किया जाना आवश्यक है। स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देने के लिए व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने और नियमित रक्तदान शिविर आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि अधिक से अधिक लोग इस अभियान से जुड़ सकें। इसके साथ ही रेयर ब्लड ग्रुप वाले दाताओं का अद्यतन और व्यवस्थित रिकॉर्ड तैयार करने के निर्देश दिए गए, जिससे आवश्यकता पड़ने पर उनसे तुरंत संपर्क किया जा सके। ब्लड बैंकों में उपलब्ध रक्त की जानकारी पारदर्शी और सुगम तरीके से उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया, ताकि मरीजों और परिजनों को अनावश्यक परेशानी न हो। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए ब्लड बैंक सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ और जनहितकारी बनाने के निर्देश दिए। बैठक में राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल सीपी भैंसोड़ा, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ योगेश पुरोहित, रेडक्रॉस सोसाइटी के प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज सनवाल, यूथ रेडक्रॉस चेयरमैन अमित शाह मोनू सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *