दिनदहाड़े शोरूम से तमंचे के बल पर आईफोन लूटा

Spread the love

रुद्रपुर। काशीपुर रोड स्थित एक शोरूम से एक बदमाश ने दिनदहाड़े तमंचे के बल पर कीमती आईफोन लूट लिया। भागते हुए उसे कुछ व्यापारियों ने साहस दिखाते हुए दबोच लिया। उसे पुलिस को सौंप दिया। मोबाइल लूट की घटना सीसीटीवी में भी कैद हो गई है। शनिवार सुबह करीब 11 बजे मुख्य बाजार काशीपुर रोड स्थित सागर मोबाइल शोरूम पर एक युवक मोबाइल खरीदने पहुंचा। उसके मुंह पर कपड़ा बंधा हुआ था। युवक ने आईफोन-14 प्रो के बारे में जानकारी ली। इस पर सेल्समैन ने आईफोन दिखाया और इसकी कीमत करीब 1 लाख 35 हजार रुपये बताई। आरोप है कि युवक ने सेल्समैन से मोबाइल मांगा। जैसे ही सेल्समैन ने उसे मोबाइल दिया तो उसने तमंचा निकाल लिया और सेल्समैन पर तान दिया। इससे वहां मौजूद सेल्समैन घबरा गए। पलक झपकते ही युवक आईफोन लेकर दुकान से बाहर भागा और शोर मचाने पर गोली मार देने की धमकी दी। वहीं हो-हल्ला होने पर बाहर खड़े कुछ दुकानदारों ने भागते हुए आरोपी को दबोच लिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और आरोपी को पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। वहीं इस मामले में विक्की भुसरी की ओर से पुलिस को तहरीर दी गयी है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उससे तमंचा और दो कारतूस बरामद किए हैं। पूछताछ में युवक ने अपना नाम जोगीपुरा बाजपुर निवासी जितेंद्र पुत्र बलविंदर सिंह बताया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *