नई दिल्ली, इंडियन प्रीमियर लीग 2026 की शुरुआत से पहले चेन्नई सुपर किंग्स की टीम को बड़ा झटका लगा है. टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के टूर्नामेंट के शुरुआती मुकाबले में खेलने को लेकर बड़ी खबर सामने आई है. एमएस धोनी के आईपीएल 2026 के पहले दो हफ्तों में खेलने की संभावना कम है. वह अपनी पिंडली में खिंचाव से उबर रहे हैं.
चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से सीजन के पहले मैच की सुबह जारी बयान में पुष्टि की गई कि धोनी पिंडली की चोट के लिए रिहैबिलिटेशन कर रहे हैं. इससे टीम टूर्नामेंट के शुरुआती हिस्से में अपने स्टार खिलाड़ी के बिना उतर सकती है. चेन्नई का पहला मैच 30 मार्च को गुवाहाटी में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ है.
28 मार्च को इंडियन प्रीमियर लीग के नए सीजन की शुरुआत से ठीक पहले चेन्नई से फैंस को दिल तोड़ने वाली खबर मिली. टीम की तरफ से आधिकारिक तौर पर इस बात को पक्का कर दिया गया कि धोनी चोटिल होने की वजह से शुरुआती मुकाबलों में खेलने नहीं उतरेंगे. इसका मतलब साफ है कि संजू सैमसन उनकी जगह पर विकेटकीपर की जिम्मेदारी निभाते नजर आएंगे.
सीएसके अपनी मुहिम की शुरुआत सोमवार को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ करेगी और पहले दो हफ्तों में पंजाब किंग्स, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और दिल्ली कैपिटल्स से भी भिड़ेगी. नए स्टार खिलाड़ी संजू सैमसन कप्तान रुतुराज गायकवाड़ के साथ ओपनिंग करेंगे. टीम में वैसे तो विकेटकीपिंग के विकल्प के तौर पर उर्विल पटेल और कार्तिक शर्मा हैं लेकिन संजू ही धोनी की जगह नजर आएंगे.
इस सीजन से पहले सैमसन को राजस्थान रॉयल्स से रवींद्र जडेजा और सैम करन की जगह ट्रेड किया गया है. सीएसके ने घरेलू क्रिकेट में शानदार छक्के लगाने वाले कार्तिक पर 14.20 करोड़ रुपये खर्च किए हैं. उर्विल को पिछले सीजन में तीन मैच खेलने और 212.50 के स्ट्राइक रेट से रन बनाने के बाद टीम में बरकरार रखा गया है. धोनी ने पिछले साल सभी मैच खेले थे, वह निचले क्रम में बल्लेबाजी करते थे और आमतौर पर आखिरी पांच ओवरों में मैदान पर उतरना पसंद करते थे.
सीएसके को पहले ही ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज नाथन एलिस की हैमस्ट्रिंग चोट के कारण झटका लग चुका है. उनकी जगह उनके हमवतन स्पेंसर जॉनसन को टीम में शामिल किया गया है. सीएसके ने पिछले साल सिर्फ चार मैच जीते थे और तालिका में सबसे नीचे रही थी. इस बार टीम अपनी किस्मत बदलने की उम्मीद कर रही है.