लौह पुरूष की 150वीं जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई

Spread the love

कुलपति ने दिलाई राष्ट्रीय एकता, अखण्डता और सुरक्षा की शपथ दिलाई
जयन्त प्रतिनिधि।
लैंसडौन : हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती हर्षोंल्लास के साथ मनाई गई। कुलपति ने छात्र-छात्राओं, प्राध्यापकों एवं अतिथियों को राष्ट्रीय एकता, अखण्डता और सुरक्षा की शपथ दिलाई। इस अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर से रन फॉर यूनिटी मैराथन का आयोजन किया गया। जिसमें विश्वविद्यालय के अधिकारी, शिक्षक, छात्र-छात्राएं, नगर निगम महापौर आरती भंडारी, एसडीएम नुपूर वर्मा सहित स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
शुक्रवार को बिड़ला परिसर स्थित एसीएल सभागार में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ गढ़वाल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश सिंह ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इस अवसर पर मुख्य छात्र सलाहकार एवं मुख्य सतर्कता अधिकारी प्रो. एमएम सेमवाल ने पुष्पगुच्छ भेंटकर कुलपति का स्वागत किया। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश सिंह ने सरदार पटेल के जीवन और योगदान पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि आजादी के बाद भारत के समक्ष सबसे बड़ी चुनौती विविध रियासतों को एक सूत्र में बांधने की थी। सरदार पटेल ने अपने अदम्य साहस, राजनीतिक कुशलता और राष्ट्र निष्ठा से इस चुनौती को अवसर में बदला और अखण्ड भारत की नींव रखी। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल का मानना था कि राष्ट्रीय एकता के लिए जातीय भेदभाव, क्षेत्रवाद और धार्मिक उन्माद सबसे बड़ी बाधाएं हैं। कुलपति ने संविधान सभा में डॉ. आंबेडकर के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि यह वहीं समस्याएं थीं जिन्हें पटेल ने नीतिगत दृष्टि से समझा और आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अनुच्छेद 370 को समाप्त कर उनके ‘एकीकृत भारत’ के स्वप्न को साकार किया है। कार्यक्रम का संचालन डॉ. राकेश नेगी ने किया। इस मौके पर प्रो. एमएस सेमवाल, अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. ओपी गुसाईं, कुलसचिव प्रो. राकेश डोढ़ी, नोडल अधिकारी डॉ. राकेश नेगी, विश्वविद्यालय के डीन रिक्रूटमेंट प्रो. मोहन सिंह पंवार, प्रो. मंजुला राणा, प्रो. डीएस नेगी, प्रो. गुड्डी बिष्ट, मुख्य नियंता प्रो. एस.सी. सती, छात्रावास अधीक्षक डॉ. एसएस. बिष्ट, प्रो. जेपी मेहता आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *